Delhi Politics: दिल्ली में बिजली कटौती पर राजनीति के बाद अब शिक्षा विभाग का मामला गर्म है। विपक्षी दल आम आदमी पार्टी की तरफ से भाजपा पर शिक्षा विभाग में माफियाओं के एक्टिव होने का आरोप लगाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि भाजपा की सरकार आने के बाद से स्कूलों में 82 फीसदी फीस बढ़ा दी गई है। वहीं कई नामी स्कूलों में बच्चों को प्रताड़ित करने और शर्मिंदा करने का आरोप लगाया जा रहा है। 

'भाजपा की सरकार बनते ही शिक्षा माफिया एक्टिव'- अरविंद केजरीवाल 

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा विभाग की ओर से फीस बढ़ाने  के मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमने दस साल में दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को अनाप-शनाप फीस नहीं बढ़ाने दी और शिक्षा माफिया का खात्मा किया। भाजपा की सरकार आते ही शिक्षा विभाग का माफिया फिर से एक्टिव हो गया है। 

सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर साधा निशाना

इसके बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने संजीव झा और आदिल खान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 'दिल्ली में भाजपा सरकार के आते ही विपदा आ गई है, दिल्ली में भाजपा सरकार के आते ही प्राइवेट स्कूलों ने 82 फीसदी फीस बढ़ा दी। अभिभावक इसके लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी खबरें अखबार में छप रही हैं। कई नामी स्कूलों में बच्चों को प्रताड़ित और शर्मिंदा किया जा रहा है। जब दिल्ली में अरविंद केजरावाल की सरकार थी, तब अगर निजी स्कूल मनमानी करते थे, तो उन्हें टेकओवर करने के नोटिस दिए जाते थे, लेकिन भाजपा सरकार इन प्राइवेट स्कूलों के साथ खड़ी है।'

संजीव झा और आदिल खान भी हुए हमलावर

इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के नेता संजीव झा ने कहा कि 'अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार आएगी, तो निजी स्कूलों की फीस बढ़ेगी। साथ ही जनहित योजनाएं भी बंद कर दी जाएंगी और वही हो रहा है।'

आदिल खान ने बिजली सकटौती को लेकर कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार आते ही जबरदस्त पॉवर कट लग रहे हैं। प्राइवेट स्कूल भी बेलगाम हो चुके हैं। मध्यमवर्गीय परिवार को इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है। 

ये भी पढ़ें: Delhi Anganwadi: शिक्षा और पोषण के साथ 'सक्षम आंगनवाड़ी' बनाने पर जोर, स्कूलों में शिफ्ट होंगे केंद्र