New Usmanpur Murder: दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में शनिवार रात दो बदमाशों ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सिर व सीने में तीन गोलियां लगी हैं। वारदात के वक्त शख्स अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश आए और गोलियां बरसा दी। ढाई महीने पहले ही बदमाशों ने विक्की के बड़े भाई संजय की भी ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।

रंजिश के चलते हत्या की आशंका

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को गंभीर हालत में जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विक्की के रूप में हुई है। हत्या क्यों की गई है इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस को आशंका है कि रंजिश के चलते बिक्की की हत्या की गई है। विक्की अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर पहला पुश्ता पर रहते थे। परिवार में पत्नी, पिता, छोटा भाई समेत कई सदस्य हैं। वह पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे।

परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

विक्की की हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। फौरन परिजन जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने इस दौरान अस्पताल का शीशे का दरवाजा भी तोड़ दिया। न्यू उस्मानपुर थाना ने हत्या समेत कई धाराओं में प्राथमिकी की है।

शव को रास्ते पर रखकर किया जाम

जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जाय टिर्की ने बताया कि विक्की ने वर्ष 2010 में न्यू उस्मानपुर में रविंद्र नामक एक युवक की हत्या थी। विक्की के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत चार आपराधिक केस दर्ज थे। विक्की की हत्या की सूचना मिलते ही परिजन जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचे। शव उस्मानपुर पुश्ता रोड पर ले गए। दो घंटे तक सड़क पर रखकर हंगामा किया।

ये भी पढ़ें:- वेलकम में पुरानी दुश्मनी में बरसाई थी गोलियां, तीन गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले 34 मुकदमें दर्ज

मार्च में बड़े भाई की भी हुई थी हत्या

पुलिस ने बताया कि 26 मार्च 2024 को विक्की के बड़े भाई संजय की दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी। वारदात के वक्त वह दूध बेचने के लिए जा रहा था। हत्या में न्यू उस्मानपुर के रहने वाले सुमित और दीपक नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि 26 मार्च से पहले उनका संजय और उसके भाई से झगड़ा हुआ था। दोनों भाइयों ने उनकी पिटाई की थी। इस पिटाई का बदला लेने के लिए ही दोनों ने संजय की हत्या की थी। इस मामले में विक्की शिकायतकर्ता थे।