Red Fort Open for Tourists: दिल्ली के सबसे ऐतिहासिक लाल किले को टूरिस्टों के लिए फिर से खोल दिया गया है। पुरानी दिल्ली में स्थित मुगल काल के विश्व धरोहर लाल किला को सुरक्षा कारणों से अचानक सील कर दिया गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इसे पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया है। बता दें किसानों के आंदोलन के बीच सुरक्षा कारणों के चलते करीब एक सप्ताह पहले यानी 12 फरवरी को विजिटर्स के लिए बंद किया गया था। हालांकि, लाल किला नियमित रूप से सोमवार के दिन आगंतुकों के लिए बंद रहता है, इसलिए लाल किला में 19 फरवरी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

बता दें कि किसानों के दिल्ली चलो मार्च को देखते हुए लाल किले पर भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनात कर दिए गए थे। इसके साथ ही लाल किले को सुरक्षा कारणों से पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लाल किले को फिर से खोलने के लिए आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसे पुलिस के निर्देशों के अनुसार बंद किया गया था और इसी के मद्देनजर फिर से खोल दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली के इन ऐतिहासिक किलों का इतिहास बेहद खास, वीकेंड पर आप भी जरूर करें सैर

बता दें कि अपनी मांगो लेकर एक बार फिर से हजारों की संख्या में किसान पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर जमे हुए हैं। ऐसे में किसानों के दिल्ली चलो मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस एहतियात के तौर पर लाल किले को बंद कर दिया था। क्योंकि पिछले आंदोलन के दौरान उपद्रवियों ने लाल किले पर धावा बोलकर अपना झंडा फहराकर देश को शर्मसार कर दिया था। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस इस बार पहले से ही अलर्ट पर है। दिल्ली के सभी बॉर्डरों को कई लेयर में सील कर दिया गया है। जिससे किसान दिल्ली की ओर कूच न कर पाए। हालांकि, इस बार किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार काफी सतर्क दिख रही है। लगातार किसान नेताओं से केंद्र सरकार के मंत्री बातचीत कर मसला हल करने की कोशिश कर रहे हैं।