Delhi Haryana Mausam Update: राजधानी दिल्ली में शीतलहर और कोहरे के चलते लोगों को परेशानी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों में शीतलहर से निजात मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में दिन के वक्त धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त कोहरे और ठंडी हवाओं से ठिठुरन का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि अब धीरे-धीरे कोहरा कम होगा और कड़कड़ाती ठंड में भी कमी आएगी।

दिल्ली में जल्द मिलेगी ठंड से निजात

इस दौरान दिन के वक्त धूप निकलने से दिल्ली के अधिकतम तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। विभाग का कहना है कि राजधानी में जबरदस्त ठंड के दिन बीत चुके हैं। हालांकि, ठंड के एक से दो झोंके और आ सकते हैं। यह बहुत अधिक लंबे नहीं होंगे। इस बीच कोहरे की वजह से कम विजिबिलिटी के कारण IGI हवाई अड्डे पर कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं और कुछ फ्लाइट रद्द हो कर दी गई हैं।

ये भी पढ़ें:- राजधानी के किसानों में निराशा, 45 दिनों से नहीं हुई बारिश, सर्दियों का मौसम निकल सकता है सूखा
 

जानें आज कैसा रहेगा मौसम 

आज यानी शुक्रवार को मौसम के साफ रहने की संभावना है। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलेगी। इसकी वजह से दिन में लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। सुबह के समय कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कुछ इलाको में कोहरा देखने को मिला है। लेकिन विजिबिलिटी ठीक थी। आज अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रहने की संभावना है। लेकिन 20 जनवरी को कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय कोहरा रहेगा।

इससे पहले बीते दिन गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलने लगी। हालांकि, सुबह के वक्त कुछ इलाको में कोहरा देखने को मिला था। धूप के चलते न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 6.6 डिग्री तक रहा। हवा में नमी का स्तर 56 से 100 प्रतिशत तक रहा।

हरियाणा-पंजाब में जारी सर्दी का कहर

वहीं, हरियाणा और पंजाब में सर्दी का सितम अभी जारी रहेगा। पंजाब के कई हिस्सों में शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है और हरियाणा में भी कई स्थानों पर शीतलहर का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के लुधियाना में सबसे कम 3.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के सोनीपत, झज्जर, नारनौल, जींद, रेवाड़ी सहित कई स्थानों पर शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश के लोगों को अभी ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है। लोगों को अभी कुछ दिन और सर्दी की मार झेलनी पड़ेगी।