Delhi: उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइन इलाके में एक स्कूटी सवार शख्स से 50 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कश्मीरी गेट के पास शास्त्री नगर फ्लाईओवर की तरफ जाने वाली सड़क पर हुई लूट की घटना हुई है। पीड़ित निजी कंपनी के कैश कलेक्शन एजेंट है। वह खजूरी इलाके का रहने वाला है और बीती रात अपने घर के लिए निकला था। इस दौरान रास्ते में उसके साथ लूटपाट हुई है।

कश्मीरी गेट के पास लूट

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस थाने के पुलिस कंट्रोल रूम में (PCR) शुक्रवार को कॉल प्राप्त हुई, जिसमें मोनेस्ट्री मार्केट के पास फ्लाईओवर पर लूटपाट की जानकारी दी गई थी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित राजेश ने बताया कि वह खजूरी खास में रहता है। वह रात में स्कूटी से अपने घर जा रहा था, तभी यह घटना हुई। वह नेताजी सुभाष प्लेस स्थित प्लास्टिक पेलेट व्यवसायी के लिए कैश एजेंट का काम करता है।

राजेश ने पुलिस को बताया कि जब वह फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी पीछे से दूसरी स्कूटी पर सवार दो लोग अचानक से आवाज दी और चिल्ला कर उसे रोक दिया। इसके बाद वह पैसों से भरा बैग, जिसमें 50 लाख रुपये थे उसे लूट कर फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, यह नकदी नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक प्लास्टिक पेलेट व्यवसायी की थी। इसके अलावा लूटपाट से पहले एजेंट एक व्यावसायिक कार्य पर था। वह राणा प्रताप बाग और चांदनी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर भी गया था। हालांकि, इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।