टीवी के बिजनेस रियलिटी शो शार्क टैंक इंडिया के पहले सीजन में जज रहे अशनीर ग्रोवर को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका मिला है। उनकी पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर को भी कोर्ट ने किसी प्रकार की राहत नहीं दी है। दोनों अपने खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर को चुनौती देने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाई कोर्ट ने मामले को यह कहते हुए आठ मई के लिए स्थगित कर दिया कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतपे के पूर्व एमडी अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन पर 81 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग यानी ईओडब्ल्यू ने बीते नवंबर महीने में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। उनके पारिवारिक सदस्य दीपक गुप्ता, सुरेश जैन और श्वेतांक जैन के खिलाफ भी केस दर्ज किया था।

दो साल से लड़ रहे कानूनी लड़ाई

अशनीर ग्रोवर और माधुरी जैन पिछले दो सालों से भारतपे से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। पिछले साल नवंबर महीने में दोनों न्यूयॉक जाने के लिए इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन उन्हें न्यूयॉर्क जाने से रोक दिया गया। बताया गया कि उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी है, इसलिए वे विदेश नहीं जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह लुक आउट नोटिस भी ईओडब्ल्यू ने जारी किया था।

मई तक के लिए सुनवाई स्थगित

अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन लुक आउट नोटिस को चुनौती देने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे। दिल्ली हाई कोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। हाई कोर्ट ने मामले को 8 मई तक के लिए स्थगित कर दिया है। हाई कोर्ट का कहना है कि उनके खिलाफ मामले की जांच शुरुआती चरण में है, लिहाजा इसमें हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।