Delhi Aam Mahotsav: आम का सीजन चल रहा है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक सभी आम खाने के शौकीन होते हैं। इस बीच जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में तीन दिवसीय आम का महोत्सव शुरु हो गया है। आम महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज की मौजूदगी में हुई। इस मेले में आम की कई किस्मों को देखने को मिलेगा। यहां पर पपीते से लेकर अंगूर के आकार में आपको आम मिल जाएगा।  

हर साल आयोजित होता है आम फेस्टिवल 

इसके अलावा आम महोत्सव में आप को आम से जुड़ी ढेर सारी जानकारियां उन किसानों से जानने और सुनने को मिलेगा जिनके बाग में तरह-तरह के आम की पैदावार होती है। आम के बाग से थाली तक के सफर का किस्सा काफी दिलचस्प होता है। बताते चलें कि यह महोत्सव आम उत्पादकों के कारोबार को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को आम की विभिन्न किस्मों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने का कार्य भी करता है। बता दें कि यह उत्सव पर्यटक विभाग की ओर से 1987 से हर साल आयोजित किया जाता है।

मेले में कई प्रतियोगिताओं का होता है आयोजन 

आम महोत्सव में आने वाले लोगों के लिए कई तरह की प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसमें आम खाओ प्रतियोगिता सबसे प्रमुख है। इसके साथ ही बच्चों के लिए आम पर आधारित कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। यहां पर आपको अलग-अलग रूप रंग के आम के स्वाद के साथ अपने नाम से भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। फलों के राजा के खास नामों में मोनिका, बुलबुल सोनाली, लावारिस, सौरभ,  चिंगारी, नाजुक परी, अलियार, हुड-हुड, उम्र पसंद, चार यार समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:-  दिल्ली में रोजाना लाखों किलो आम की हो रही बिक्री

इन राज्यों में होती है आम की अधिक पैदावार

बता दें कि दुनियाभर में कुल 1,365 किस्मों के आम की पैदावार होती है, जिसमें 1000 किस्में भारत में पाई जाती है। भारत के प्रमुख राज्य जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और असम ऐसे राज्य हैं जहां आम की पैदावार सबसे अधिक होती है। आम महोत्सव को खास बनाने के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे लोगों को इस महोत्सव से जोड़ा जा सके। इस महोत्सव में रोजाना अच्छी खासी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।