देश के तमाम राज्यों में मानसून की बरसात हो रही है। ऐसे मौसम में जिम में जाकर वर्कआउट करना बेहद मुश्किल हो जाता है। विशेषकर वजन कम करने वाले लोग चिंतित हो जाते हैं कि कहीं यह मौसम उनकी मेहनत पर पानी न फेर दे। आज हम आपको ऐसे विकल्पों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे घर पर ही 20 मिनट का व्यायाम कर वजन को कंट्रोल किया जा सकता है। लेकिन, आपको व्यायाम करने के साथ अपनी डाइट पर भी ध्यान देना होगा क्योंकि इसके बिना वजन कम करने का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता है। तो चलिये बताते हैं कि घर में बैठे वजन कैसे कम किया जा सकता है।

इनडोर वर्कआउट को अपनाएं

बारिश के मौसम में बाहर जाकर व्यायाम नहीं कर सकते, लिहाजा आपको इनडोर वर्कआउट अपनाना होगा। एक्सरसाइज साइकिलिंग मशीन है, तो सोने पे सुहागा जैसी बात होगी। 20 मिनट में साइकिलिंग मशीन से 150 से 200 कैलरी तक बर्न कर सकते हैं। अगर साइकिलिंग मशीन नहीं है, तो आप स्क्वाट, लंज, पुशअप जैसे व्यायाम कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन वर्कआउट वीडियो देखकर कैलरी बर्न कर सकते हैं।

घर पर साइकिलिंग करना भी बेहद फायदेमंद।
इन चीजों से बना लें तुरंत दूरी

अगर आप घर पर ही वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, तो तुरंत आपको कुछ चीजों को अपनी डाइट से तुरंत हटा लेना चाहिए। रोहिणी दिल्ली की फिटनेस कोच पूजा शास्त्री का कहना है कि मौसमी सब्जियां, दाल, बींस, साबूत अनाज और फलों का सेवन करना चाहिए। चीनी, चावल और तली चीजों से बचना चाहिए। गेंहू की रोटी की बजाए बेसन की रोटी का इस्तेमाल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गेंहू की एक मीडियम रोटी में लगभग 86 कैलरी होती है, वहीं बेसन की एक मीडियम रोटी में 123 कैलरी होती है। गेंहू की बजाय बेसन की रोटी में प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट अधिक होता है। गेंहू की रोटी में 3 ग्राम प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट 17.4 ग्राम होता है, जबकि बेसन की रोटी में 3.4 ग्राम प्रोटीन और 14.2 ग्राम कार्बोहाइड्रेट रहता है। ऐसे में बेसन की रोटी खाने से पेट भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती है। ऐसे में वजन कम करने वाले लोगों को गेंहू की रोटी की जगह बेसन की रोटी का सेवन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आदर्श डाइट लेकर एक महीने में तीन से चार किलो वजन कम किया जा सकता है।