Weather Update Today: राजधानी दिल्ली में मार्च की एंट्री होते ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार और रविवार की रात दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, अब बारिश की संभावना नहीं हैं। इसकी वजह से सूरज की तपिश बढ़ेगी और दो दिन बाद तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। अब गर्मी के मौसम की तैयारियां लोगों को कर लेनी चाहिए। अधिकतम तापमान अगले छह से सात दिनों में 30 डिग्री के ऊपर पहुंच सकता है। 

वीकेंड की शुरुआत बारिश से हुई 

लोगों के वीकेंड की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई। राजधानी में कई जगहों पर रात से ही बूंदाबांदी होना शुरू हो गई थी। इसकी वजह से तापमान में कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा, जोकि सामान्य है। वहीं हवा में नमी का स्तर 48 से 100 फीसदी तक रहा है। 

दिल्ली में हफ्ते भर कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार को आंशिक तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 5 और 6 मार्च को आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री रह सकता है। लेकिन, 7 और 8 मार्च को मौसम साफ रहेगा। वहीं 9 मार्च को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। इसके कारण अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रह सकता है। 

आज बारिश की संभावना 

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली -एनसीआर में कई जगहों पर बौछारें और हल्की बारिश भी हुई। वहीं, आज सुबह की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हुई और मौसम में थोड़ी ठंडक भी रही। सोमवार को दिन के समय आंशिक तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप निकलने की संभावना है।