Gujarat Bus accident: गुजरात के डांग में रविवार (2 फरवरी) को भीषण हादसा हो गया। त्र्यंबकेश्वर (महाराष्ट्र) से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर द्वारका (गुजरात) जा रही बस 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। एक्सीडेंट में MP के 5 लोगों की मौत हो गई। 17 गंभीर घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। डांग के अस्पताल में 17 घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा सुबह 4:15 बजे सपुतारा हिल स्टेशन पास हुआ।
त्र्यंबकेश्वर से द्वारका जा रही थी बस
महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर बस गुजरात के द्वारका जा रही थी। सापुतारा हिल स्टेशन के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के रहने वाले 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मरने वालों के नाम अभी पता नहीं चले हैं। 17 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार घायलों की देखभाल कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
23 दिसंबर को तीर्थयात्रा पर निकला था श्रद्धालुओं का दल
श्रद्धालुओं का दल 23 दिसंबर को 4 बसों में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकला था। बस में मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना, अशोकनगर सहित कई जिलों के यात्री भी थे। तीर्थयात्री उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे थे। रविवार को एक बस हादसे का शिकार हो गई। भीषण हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ।
ड्राइवर की गलती से हुआ हादसा
डांग SP एस.जी. पाटिल ने बताया कि ड्राइवर की गलती से बस 30 फीट गहरी खाई में गिरी। 48 यात्रियों में से 5 की मौत हो गई है। बाकी का इलाज चल रहा है। गंभीर घायलों को आहवा सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।
सपुतारा हिल स्टेशन पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
गुजरात का सपुतारा हिल स्टेशन एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां सड़कें संकरी और घुमावदार होने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इससे पहले भी यहां कई बार वाहन खाई में गिर चुके हैं। प्रशासन और ट्रैफिक विभाग ने कई बार सड़क सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं, लेकिन ठोक कदम नहीं उठाए। विशेषज्ञों का कहना है कि रात या तड़के के समय इन सड़कों पर वाहन चलाना ज्यादा जोखिमभरा होता है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हादसे के कारण की जांच कर रहे हैं। सरकार ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्रशासन उठाएगा। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। श्रद्धालुओं के परिवारों को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मंत्री राकेश शुक्ला ने जताया शोक
मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने गुजरात बस हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त की है। मंत्री ने कहा कि तीर्थाटन पर गए अशोकनगर, गुना, शिवपुरी के श्रद्धालियों की मौत की खबर अत्यंत पीड़ा दायक है। राकेश शुक्ला ने दंदरौआ धाम सरकार से मृत लोगों को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।