भिवानी: गांव थिलोड के एक व्यापारी द्वारा गांव के ही किसानों की फसल के रुपए ना दिए जाने के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने से नाराज किसानों ने सोमवार तोशाम बहल रोड जाम कर दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर आरोपित व्यापारी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शनकारी किसान जाम खोलने को राजी हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वे फिर से रोड पर उतरने को मजबूर होंगे।

जाम के कारण फंसे वाहन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह पौने 11 बजे तोशाम-बहल मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने के बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाईन लग गई। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने किसानों की बात सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर किसान रोड जाम खोलने को राजी हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वह फिर आंदोलन कर देंगे।

डेढ करोड़ में खरीदी थी फसल

किसानों ने बताया कि उन्होंने अपनी फसल गांव के अनाज व्यापारी अमित कुमार को दे दी थी। कुछ किसानों की पिछले वर्ष की भी फसल थी। किसानों ने बताया कि व्यापारी अमित ने किसानों की फसल का क़रीबन डेढ़ करोड़ रुपया नहीं दिया, जिसके कारण किसान बहुत ज्यादा परेशान हैं। किसानों ने बताया कि बहुत ज्यादा लोग तो खेती पर ही निर्भर हैं। जिन किसानों की दो वर्ष की फसल वह ले गया, उन किसानों को कर्ज लेकर आगे की खेती व घर का काम चलाना पड़ रहा है।

व्यापारी के खिलाफ किया केस दर्ज

किसानों ने अमित के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी, जिसमें पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया था। उस मामले में आगे कार्रवाई ना होने के कारण किसानों ने तोशाम-बहल मार्ग जाम कर दिया। क़रीबन एक घन्टे बाद किसानों को थाना प्रभारी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।