Logo

करनाल कोर्ट के बाहर गोलीबारी से दहशत : हरियाणा के करनाल में कोर्ट के बाहर गोलीबारी से हड़कंप मच गया। पेशी पर आए एक बदमाश और वकील पर बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि निशाने पर बदमाश ही था, वकील तो उसके पास में रेहड़ी पर खड़ा होकर फ्रूट चाट खा रहा था। 

एक केस में पेशी पर आया था हैप्पी

घरौंडा निवासी हैप्पी पर 4 केस दर्ज हैं। केस में वह जेल भी जा चुका है। बुधवार को भी वह मारपीट के एक केस में पेशी पर करनाल कोर्ट में आया हुआ था। वहीं, घायल वकील गुरविंद्र पानीपत का रहने वाला है और वह करनाल में एक वकील से मिलने के लिए आया हुआ था। पेशी के बाद हैप्पी सेक्टर 12 स्थित कोर्ट के बाहर रेहड़ी पर अपने दोस्तों के साथ फ्रूट चाट खा रहा था। वकील भी वहां पर खड़ा होकर फ्रूट चाट खा रहा था। 

दो गोली हैप्पी, एक वकील को लगी
करनाल में हुई गोलीबारी में घायल हैप्पी। फाइल फोटो

बुधवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब बाइक पर 2 युवक आए। बाइक चालक ने सफेद रंग के कपड़े से अपना मुंह ढका हुआ था और पीछे बैठे बदमाश ने हेलमेट पहना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन बदमाशों ने हैप्पी पर 5-6 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में हैप्पी की टांग व पेट में व वकील गुरविंद्र के पेट में एक गोली लगी। दोनों घायलों को अमृतधारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अभी हालत गंभीर है।

पुलिस ने नाकेबंदी की, कैमरे खंगाले

वारदात की सूचना पर डीएसपी राजीव और सिविल थाना एसएचओ श्रीभगवान ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी करवाई है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि  हैप्पी पर 2 केस घरौंडा थाने और 2 केस करनाल के सिविल लाइन थाने में दर्ज हैं। उस पर अपहरण, अवैध असलहा रखने, धोखाधड़ी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। एक केस में वह बरी भी हो चुका है। शायद इनमें से ही किसी केस की रंजिश में वारदात की गई हो। 

यह भी पढ़ें : Dream Team ने साकार कर दिए सपने: करनाल के शख्स ने 49 रुपये में IPL टीम बनाई, 3 करोड़ के साथ मिला ये तोहफा