BJP's manifesto : हरियाणा में 2 और 9 मार्च को होने जा रहे स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा ने अपना घोषणापत्र सोमवार को रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में जारी किया। 20 वर्षों से रह रहे लोगों को जमीन का मालिकाना हक देने का बड़ा वादा भाजपा ने किया है। वहीं, महिला वोटर्स को लुभाने के लिए उनके नाम पर बने मकानों के हाउस टैक्स में छूट होगी। सड़क, पानी, सीवर आदि से जुड़े 19 वादे किए गए हैं। CM नायब सैनी, प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, स्थानीय निकाय मंत्री पीयूष गोयल, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने दावा किया कि भाजपा ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएगी। आइये जानते हैं क्या है भाजपा का वोटर्स को लुभाने का प्लान। 

भाजपा ने घोषणा पत्र में यह किए 19 वादे

भूमि पर मालिकाना हक : शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक समय से रह रहे परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक प्रदान किया जाता है। रजिस्ट्री हो जाने के बाद उन्हें संपत्ति का कानूनी अधिकार मिल जाएगा। गरीब परिवारों को मदद भी दी जाएगी।

महिलाओं को हाउस टैक्स में छूट : महिलाओं के नाम से पंजीकृत मकानों को 25% हाउस टैक्स में छूट दी जाएगी। अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाएगा और उनके बीच में अवैध स्थानों को भी वैध श्रेणी में लाया जाएगा। नगर निगम क्षेत्रों में शामिल गांवों के हाउस टैक्स का सरलीकरण किया जाएगा और कृषि डेरा के हाउस टैक्स में विशेष राहत दी जाएगी।

सीवरेज और मुफ्त जल कनेक्शन : स्थानीय निकायों में सीवरेज और पानी के कनेक्शन के शुल्क को माफ किया जाएगा।

मुफ्त सोलर पैनल : हर वार्ड में स्ट्रीट लाइटों की संख्या दोगुनी की जाएगी,  नई सौर ऊर्जा संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। 1 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को सोलर पैनल मुफ्त में दिए जाएंगे।

आदर्श पार्क बनेंगे : सभी स्थानीय निकायों में आदर्श पार्क बनाए जाएंगे, जिनमें दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। ऑक्सीजन पार्क, योग स्थान, ओपन जिम, स्मार्ट सड़कें और ग्रीन वेस्ट के निराकरण के लिए मशीनें शामिल होंगी।

पिंक टॉयलेट और सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें : शहर के मुख्य बाजारों में कम से कम एक पिंक टॉयलेट बनाया जाएगा, जो सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों और शिशु आहार कक्षों से सुसज्जित होगा।

इलेक्ट्रिक बसें : राज्य सरकार की मदद से सार्वजनिक और निजी भागीदारी मॉडल के तहत इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिससे सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुनिश्चित होगा।

सभी बैंक एक जगह पर : स्थानीय निकायों में सभी बैंकों को एक स्थान पर एकत्रित करने के लिए बैंक स्क्वायर का निर्माण किया जाएगा।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट : रासायनिक और औद्योगिक कचरे की समस्या के निवारण के लिए सभी स्थानीय निकायों में सीवरेज ट्रीटमेंट पार्क का निर्माण किया जाएगा।

जल निकासी : स्थानीय निकायों की जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

कचरे का निपटारा : स्थानीय निकायों में गीले और सूखे कूड़े के निपटारे के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।

आधुनिक लाइब्रेरी : टीयर-2 और टीयर-3 शहरों में बुनियादी ढांचे के साथ आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी।

मॉडर्न सभागार : स्थानीय निकायों में आबादी के आधार पर एक मॉडर्न सभागार का निर्माण किया जाएगा।

सफाई कर्मचारी बढ़ेंगे : शहरों में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी।

निर्माण का रिकॉर्ड : स्थानीय निकायों में सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता और दीर्घकालिकता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

बेसहारा पशुओं से राहत : बंदरों की संख्या अधिक होने पर बीहड़ निर्माण करवाए जाएंगे, बेसहारा जानवरों और कुत्तों की समस्या का निराकरण किया जाएगा और पक्षियों के लिए पक्षी घर बनाए जाएंगे।

ऑनलाइन सेवा केंद्र : स्थानीय निकायों में प्रत्येक बूथ पर ऑनलाइन सेवा प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

स्ट्रीट वेंडर्स को मदद : स्थानीय निकायों में स्ट्रीट वेंडर्स और फेरी वालों को व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

पार्किंग व्यवस्था : सभी स्थानीय निकायों में बहु स्तरीय पार्किंग स्थल का निर्माण करवाया जाएगा।