Haryana: भारतीय जनता पार्टी की रणनीति ने वीरवार को प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया, जब सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदान ने अपने समर्थकों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के बेहतरीन कार्यों का उपलब्धियों से भरा सफर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार की तरह ही प्रदेश में भाजपा तीसरी बार अपनी सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।

कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं, ले रहे झूठ का सहारा

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ झूठ परोसना है। कांग्रेस की स्थिति सभी विधानसभा क्षेत्रों में बेहद कमजोर हुई है। बताने के लिए कांग्रेस के पास कुछ भी नहीं है, इसलिए कांग्रेस के लोग झूठ का सहारा लेते है लेकिन उनका झूठ चलने वाला नहीं हैं। कांग्रेस के बड़े नेता भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल के विचारों से जुड़कर भाजपा में शामिल हो रहे है और हम सब मिलकर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का काम करेंगे।

निखिल मदान के शामिल होने पर पार्टी को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सोनीपत के मेयर निखिल मदान, क्षेत्र के कई पार्षद, सरपंच व अन्य गणमान्य लोगों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है, उनका पार्टी में स्वागत है। वे भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और विचारों को लेकर शामिल हुए है। सोनीपत क्षेत्र से पार्टी में शामिल हुए लोगों ने बीजेपी की विचारधारा व नीतियों के साथ जुड़ने का जो संकल्प लिया है, वही संकल्प प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगें।

तीसरी बार भाजपा सरकार: मनोहर लाल

केन्द्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जब से निखिल से बातचीत हुई है, तब से चर्चा करते रहे कि भाजपा में कुछ तो विशेष है, जो उन्हें पार्टी की ओर खींच रहा है। आज वे पार्टी में शामिल हो गए है। निखिल मदान की ज्वाईनिंग इतनी शुभ है कि दो दिन पहले ही राई के विधायक मोहन लाल बड़ौली प्रदेशाध्यक्ष बने है, उन्हें भी बधाई देते है, जो प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मंच पर आए। निखिल के साथ 150 से अधिक स्थानीय नेता, जिनमें पार्षद व दूसरे दायित्व पर रहे गणमान्य लोग पार्टी की सदस्यता ले रहे है।

स्पष्ट बहुमत के साथ बनाएंगे सरकार: मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मेयर निखिल मदान व उनके समर्थक भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा के बड़े परिवार में शामिल हुए है। जिस भाव को लेकर उन्होंने भाजपा ज्वाईन की है, उससे सोनीपत जिला व पूरे हरियाणा प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में काफिला इसी प्रकार से बढे़गा और स्पष्ट बहुमत की भाजपा सरकार नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बनेगी। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता इसी ताकत और उत्साह के साथ जनता जनार्दन की सेवा करते हुए आशीर्वाद लेगा।