CM Nayab Saini Met PM Modi: हरियाणा निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र का दौरा रद्द कर दिया है। गुरुवार को सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें दिल्ली की ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की है। बता दें कि आज सीएम नायब सैनी कुरुक्षेत्र में निकाय चुनाव को लेकर जनसभा करने वाले थे, लेकिन बारिश की वजह से उनका दौरा कैंसिल कर दिया गया, जिसके बाद वह दिल्ली पहुंचे थे।
PM मोदी ने लिया निकाय चुनाव का फीडबैक
पीएम मोदी से मुलाकात कर नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीएम मोदी का हरियाणवियों से प्रेम और लगाव अद्भुत है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे स्थानीय निकाय चुनाव का फीडबैक लिया। सैनी ने लिखा कि उन्होंने पीएम मोदी को आश्वस्त किया है कि हरियाणा की जनता डबल इंजन में एक और इंजन जोड़ने जा रही है। इसके अलावा नायब सैनी ने पीएम मोदी से विकास परियोजनाओं पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन लिया।
विश्व के सबसे लोकप्रिय जननेता, यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री @narendramodi जी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) February 27, 2025
हरियाणवियों से प्रधानमंत्री जी का प्रेम और लगाव अद्भुत है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे स्थानीय निकाय चुनाव का फीडबैक लिया।
मैंने हरियाणा के मेरे… pic.twitter.com/xfsS13K7tW
कुरुक्षेत्र में नायब सैनी की पत्नी ने संभाला मोर्चा
दरअसल, नायब सैनी की कुरुक्षेत्र में जनसभा होने वाली थी, जहां पर वह निकाय चुनाव के लिए उनका कार्यक्रम होने वाले था। पहले यह कार्यक्रम पिपली धर्मशाला में होना था, लेकिन बाद में इसे पिपली गुरुद्वारे की पार्किंग में शिफ्ट किया गया। लेकिन इसके बाद बारिश की वजह से सीएम सैनी ने कार्यक्रम रद्द कर दिया और अचानक से दिल्ली पहुंच गए। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में उनकी पत्नी सुमन सैनी ने कुरुक्षेत्र में चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है। उनके साथ में सांसद नवीन जिंदल भी जनसभा में पहुंचे हैं।