Karnal: लोकसभा चुनाव में विजय के लिए भारतीय जनता पार्टी ने करनाल से शंखनाद किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी और लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहली बार करनाल पहुंचे। घरौंडा की अनाज मंडी में आयोजित अभिनंदन समारोह में दोनों ने बड़े आत्मवश्विास से करनाल की सीट देश में सबसे बड़े मार्जिन से जीतने की बात कहते हुए प्रदेश की सभी दसों सीटों पर कमल खिलाने का दावा किया। सीएम नायब सैनी ने कहा कि उनका एक -एक पल प्रदेश की सेवा में लगेगा और प्रदेशवासियों के लिए 24 घंटे उनके घर के दरवाजे खुले हुए हैं।

पूर्व सीएम मनोहर लाल को बताया आदर्श
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल को अपना आदर्श बताते हुए जनता से अपील की कि करनाल की जनता देश में सबसे ज्यादा मतों से जीताकर मनोहर लाल को संसद भेजे। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी कहा कि उनका जीवन जनसेवा के लिए समर्पित है। मनोहर ने मंच पर बैठे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और करनाल के सांसद संजय भाटिया के जनसेवा के कार्यों और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना की तारीफ की। मनोहर ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पण भाव से भरा है। भाजपा के सभी मंचासीन नेता स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ को देखकर गदगद थे।

सड़क मार्ग से पहुंचे करनाल सीएम
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला पहुंचकर नाडा साहेब गुरुद्वारा में माथा टेका और सड़क मार्ग से करनाल के घरौंडा की ओर रवाना हुए। पंचकूला, अंबाला, कुरूक्षेत्र और करनाल में मुख्यमंत्री का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। देखते ही देखते मुख्यमंत्री का पंचकूला से घरौंडा तक का सफर एक रोड शो में बदल गया। जब मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री घरौंडा में अभिनंदन समारोह के मंच पर पहुंचे तो उनका जय श्रीराम के उद्धोषों से स्वागत हुआ। उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर नायब सिंह सैनी और मनोहर लाल का स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच संभालते ही कहा कि वह पूर्व सीएम मनोहर लाल की उंगली पकड़कर ही राजनीति में आए हैं।

कांग्रेस सरकार गिराने का मंसूबा पालती रही, हम सत्ता के माध्यम से सेवा करते रहे : मनोहर लाल
करनाल से लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हम सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करते रहे और कांग्रेस सरकार को गिराने के मंसूबे पालती रही। भाजपा सरकार ने नए-नए काम किए हैं और जनता को फायदा पहुंचाया है। हमारे काम विपक्ष को कभी समझ नहीं आए। विपक्ष शुरू-शुरू में कहता था कि हमें सरकार चलाने का अनुभव नहीं है, लेकिन हमने लगातार काम करके दिखाया और लोगों का जीवन सरल बनाने का काम किया। परिवर्तन जीवन का दस्तूर है और परिवर्तन होते रहते हैं। जिस प्रकार परिवार के सदस्य को आगे बढ़ते हुए देखकर घर के बुजुर्ग को खुशी होती है, उसी प्रकार मुझे भी खुशी हो रही है।