Haryana Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर देश भर में सियासी माहौल गरम है। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की एक लिस्ट और जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा की गुरुग्राम लोकसभा सीट से भी अपने प्रत्याशी का ऐलान किया है। कांग्रेस ने गुरुग्राम लोकसभा सीट से अभिनेता राज बब्बर को अपना उम्मीदवार बनाया है।

पहले 8 सीटों पर किया था प्रत्याशियों का ऐलान

कांग्रेस पार्टी हरियाणा इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के साथ चुनाव लड़ रही है। हरियाणा में कांग्रेस कुल 10 सीटों में से नौ सीट पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी एक सीट (कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट) पर चुनाव लड़ रही है। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही कांग्रेस पहले अपने 8 उम्मीदवारों का ऐलान किया था।

बता दें कि कांग्रेस की लंबे समय से अटकी हरियाणा के उम्मीदवारों की सूची बीते गुरुवार यानी 25 अप्रैल देर रात जारी की थी। इस लिस्ट में कांग्रेस ने 8 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया था। कांग्रेस ने रोहतक से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, भिवानी-महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, हिसार से जय प्रकाश, सोनीपत से सतपाल महाराज, सिरसा से कुमारी शैलजा, अंबाला से विधायक वरूण चौधरी, करनाल से दिव्यांशु बुद्धिराजा और फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप को अपना उम्मीदवार बनाया है।

इन तारीख पर नामांकन करेंगे कांग्रेस प्रत्याशी

वहीं, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया था कि पिछले दो साल में कांग्रेस में 40 से ज्यादा पूर्व विधायक शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा था कि एक तारीख को सोनीपत और करनाल सीट पर प्रत्याशियों का नामांकन भरवाया जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मैं दोनों शामिल होंगे। इसके अलावा 2 अप्रैल को अंबाला और कुरुक्षेत्र के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करवाए जाएंगे। तीन तारीख को भिवानी महेंद्रगढ़ सीट पर उम्मीदवार के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में शामिल होंगे।

वहीं, चार अप्रैल को दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक से नामांकन करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने लोकसभा में सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया।