Gurugram : आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ईडी के जरिए आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बढ़ते कदमों को रोकने का प्रयास कर रही है। पार्टी के नेताओं को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है। भाजपा सरकार लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहती है, ताकि अरविंद केजरीवाल प्रचार न कर सके। लेकिन आप कार्यकर्ता भाजपा की चाल को कामयाब होने नहीं देंगे।

28 जनवरी को होगी हरियाणा में बदलाव महारैली 

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल आगामी 28 जनवरी को हरियाणा में बदलाव महारैली करेंगे, जिसकी तैयारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. संदीप पाठक और हरियाणा का नेतृत्व चार जनवरी से ही लोकसभा और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। मीटिंग का मकसद हर गांव से कार्यकर्ता आएं और अरविंद केजरीवाल की नीतियों को प्रदेश की जनता तक पहुंचाएं। आम आदमी पार्टी हरियाणा में भाजपा को प्रदेश की सत्ता से बेदखल करने के लिए तैयार है। इसलिए भाजपा सरकार ईडी के जरिए अरविंद केजरीवाल के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए भरसक प्रयास कर रही है।

केजरीवाल के सपने को पूरा करेंगे कार्यकर्ता 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ अरविंद केजरीवाल के सपने शिक्षित भारत विकसित भारत को पूरा करने में लगा है। उसी को लेकर हरियाणा में बदलाव महारैली की जा रही है। प्रदेश का हर कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए जुट गया है। केजरीवाल की नीतियों को घर घर पहुंचाया जा रहा है, ताकि जैसे दिल्ली में विकास हुआ, वैसे ही हरियाणा में भी विकास हो सके।

हरियाणा में मजबूती के साथ पार्टी बढ़ा रही कदम 

आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि जैसे-जैसे आम आदमी पार्टी हरियाणा में अपने राजनीतिक कदम मजबूती से आगे बढ़ा रही है। वैसे-वैसे भाजपा की बौखलाहट ईडी के बार-बार दिए जाने वाले सम्मन के माध्यम से दिखाई दे रही है। जब आम आदमी पार्टी ने बदलाव यात्रा शुरू की, तब सम्मन गया और अब आम आदमी पार्टी 28 जनवरी को हरियाणा में अरविंद केजरीवाल की एक विशाल रैली करने जा रही है। जिससे हरियाणा में आम आदमी पार्टी की राजनीतिक पकड़ और मजबूत होगी। हरियाणा के गांव-गांव में आम आदमी पार्टी का संगठन पहले ही तैयार हो चुका है। इसी बौखलाहट की वजह से भाजपा अरविंद केजरीवाल को जेल में डालना चाहती है।