Congress MLA Neeraj Sharma: हरियाणा के फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने आज चंडीगढ़ जाकर अपने वस्त्रों का त्याग कर दिया। वे चाहते थे कि मुख्यमंत्री के आवास पर जाकर ही वस्त्र त्याग करें, लेकिन पुलिए ने ऐसा नहीं होने दिया। हालांकि NIT से विधायक नीरज शर्मा ने पहने वस्त्र त्यागने के बाद दूसरे वस्त्र पहन लिए, जिन पर सियाराम लिखा था। यह पहला मौका नहीं है, जब नीरज शर्मा ने अपनी मांगों को लेकर वस्त्र त्यागे हैं। इससे पहले भी फरीदाबाद नगर निगम में घोटाले का आरोप लगाकर वस्त्र त्याग चुके हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा कुछ दिन पहले ही सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ अयोध्या गए थे। उन्होंने कहा था कि पहले भी दीपेंद्र हुड्डा अयोध्या गए। आने वाला समय भी दीपेंद्र का होगा। उन्होंने यह भी बात कही थी कि मेरी विधानसभा के विकास कार्यों की फाइल चंडीगढ़ में एक महीने से अटकी पड़ी है। अगर फाइल क्लीयर नहीं होती तो वे चंडीगढ़ जाकर मुख्ममंत्री आवास के बाहर वस्त्र त्याग देंगे। बीते मंगलवार को इस फाइल के अटके होने का समय पूरा हो चुका था। लिहाजा, आज वे सुबह चडीगढ़ में सीएम आवास की ओर जाने के लिए निकल पड़े। चूंकि पुलिस पहले से सतर्क थी, लिहाजा उन्हें बीच रास्ते ही रोक लिया। 

नए कुर्ते पर जय सियाराम और स्वास्तिक का चिह्न 

इसके बाद नीरज शर्मा ने एमएलए हॉस्टल के बाहर ही पुराने वस्त्र त्याग दिए, लेकिन कुछ समय बाद नए वस्त्र भी पहन लिए। इस नए कुर्ते पर जय सियाराम लिखा है। साथ ही, स्वास्तिक का चिह्न भी है। यही नहीं, उनके क्षेत्र की समस्याएं और बदहाल तस्वीरें भी चस्पा की हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे विधानसभा में भी यही वस्त्र पहनकर जाएंगे। जब तक उनकी समस्याओं का निदान नहीं होता, तब तक इसी तरह विरोध दर्ज कराते रहेंगे।