बिजेन्द्र शर्मा, फरीदाबाद: फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी के चयन को लेकर कांग्रेस ने माथापच्ची करनी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने तीन नेताओं को पैनल में शामिल किया है, जिसमें पूर्व मंत्री महेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल व फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के एकमात्र विधायक नीरज शर्मा के नामों को शामिल किया है। अब देखना यह होगा कि लोकसभा के लिए कांग्रेस किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। तीनों की नामों पर कांग्रेस गहन मंथन कर रही है।

लोकसभा सीट के लिए काफी समय से कांग्रेस कर रही मंथन

गौरतलब है कि सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी ने फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी तय करने के लिए महीनों पूर्व ही कार्यवाही शुरू कर दी थी। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी की बात की जाए तो पूर्व मंत्री विपुल गोयल, वर्तमान केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर व तिगांव के विधायक राजेश नागर के नाम पैनल में शामिल है। जिसमें विपुल गोयल व कृष्णपाल गुर्जर के बीच टिकट को लेकर रस्साकशी चल रही है। जहां तक बात की जाए कांग्रेस के पैनल में शामिल नेताओं की तो महेन्द्र प्रताप सिंह इस पैनल में सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहे है। महेन्द्र प्रताप सिंह ने 1966 में अपना राजनैतिक करियर शुरू किया था और वह 9 बार विधानसभा का चुनाव लड़े, जिसमें से पांच बार उन्हें जीत नसीब हुई। पूर्व मंत्री करण दलाल की हरियाणा की राजनीति में छवि भी एक फायर ब्रांड नेता की रही है। 1991 में वह हरियाणा विकास पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़े और बंसीलाल कैबिनेट में शामिल हुए। करण दलाल भी पांच बार विधायक रह चुके है।

नीरज शर्मा को राजनीति विरासत में मिली

फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के एकमात्र विधायक नीरज शर्मा को राजनीति उनके पिता स्व. पं. शिवचरण लाल शर्मा से विरासत के रूप में मिली। पं. शिवचरण लाल शर्मा के हुड्डा सरकार में मंत्री रहते हुए सारा कामकाज नीरज शर्मा ही संभालते रहे। 2019 में उन्होंने पहली दफा विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। कुल मिलाकर अगर इन तीनों नेताओं के राजनैतिक सफर पर गौर फरमाया जाए तो महेन्द्र प्रताप सिंह, करण दलाल व नीरज शर्मा से 21 ही है। करण दलाल के साथ विडम्बना यह है कि वह अभी तक कांग्रेस जनों को एक झण्ड़े के नीचे नहीं ला पाए है।