Fatehabad: भारतीय सेना से रिटायर हुए एक बुजुर्ग से साइबर अपराधियों ने 6 लाख 20 हजार रुपए की ठगी कर ली। साइबर अपराधियों ने उसे विदेश में बैठे उसके दोहते के एक्सीडेंट होने की बात कहकर ठगी को अंजाम दिया। बुजुर्ग को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

आर्मी से सेवानिवृत हो चुका है पीड़ित प्रीतम सिंह

भाटिया नगर टोहाना निवासी प्रीतम सिंह ने बताया कि वह आर्मी से रिटायर है। 4 दिसम्बर 2023 को उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसे उसका दोहता बताया और रोने लगा। उसने कहा कि कनाडा में उसकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया और उसकी गाड़ी के नीचे कोई आ गया है, उसकी हालत सीरियस है। कनाडा पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और उसे जेल भेज देगी। यह सुनकर वह घबरा गया और उसे लगा कि फोन करने वाला उसका दोहता जसप्रीत सिंह निवासी सनौर जिला पटियाला है जो कनाडा गया हुआ है। इसके बाद फोन करने वाले युवक ने कहा कि वह उन्हें अपने वकील का नंबर देता है और इस बारे उसकी मां से बात न करे, क्योंकि उनकी तबीयत पहले ही खराब है।

वकील बनकर खाते में डलवाई राशि

पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद फिर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाला ने कहा कि वह वकील बोल रहा है और उसने केस लड़ने के लिए 2 लाख 20 रुपए मांगे। इस पर उसने उक्त व्यक्ति द्वारा बताए गए खाते में 2 लाख 20 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसकी फिर वकील से बात हुई तो उसने पासपोर्ट छुड़वाने के नाम पर 7 लाख रुपए मांगे। प्रीतम सिंह ने कहा कि उसने वकील से कहा कि अभी उसके पास 4 लाख रुपए है और बाकी कल देगा। इसके बाद उसने बैंक जाकर बताए गए खाते में 4 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वकील ने उसे 3 लाख रुपए ओर डालने को कहा।

शक हुआ तो अपने लड़के से बात की, ठगी का चला पता

प्रीतम सिंह ने बताया कि जब उसे शक हुआ तो उसने अपने लड़के से बात की। उसके लड़के ने उसे इस तरह फ्रॉड होने के बारे में बताया। बाद में पीड़ित प्रीतम सिंह ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। जब उसका दोहता जसप्रीत घर आया तो उसने धोखाधड़ी होने की बात कही। अब इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।