Weather Updates Today: हरियाणा में भयंकर सर्दी का दौर जारी है। यहां लोगों को घने कोहरे, ठंड और शीत लहर से अभी कोई राहत मिलने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। प्रदेश में बीते कई दिनों से धूप न निकलने की वजह से ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही तापमान में लगातार गिरावट भी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने राज्य में धुंध और कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में आज रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते प्रदेश के 10 जिलों विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई है। जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि, 22 जनवरी के बाद प्रदेश के लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है। 

हिसार में तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज 

इस बीच हिसार में अभी 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। जबकि करनाल में अभी 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं, लेकिन कमजोर हैं। हवाओं का रुख भी बदल रहा है। हवाएं अभी उपरी इलाकों में चल रही हैं, इससे वातावरण पर भी प्रभाव पड़ रहा है। इन्ही सब कारणों से बरसात नहीं हो रही है, जिस कारण लगातार ठंड बढ़ रही है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें:- Mausam Update: दिल्ली में भयंकर सर्दी के दिन बीते, अब मिलेगी राहत, हरियाणा-पंजाब में कोल्ड डे की स्थिति बरकरार

मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में मौसम आमतौर पर अभी कुछ दिन शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान हल्की गति से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने की संभावना है। इससे राज्य में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी और रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में अल सुबह गहरी धुंध/कोहरा रहने की संभावना है। उधर, चंडीगढ़ में भी ठंड का प्रकोप जारी है। यहां भी मौसम विभाग ने धुंध का येलो अलर्ट जारी किया है। आज सुबह कई इलाकों में घनी धुंध देखी गई। हालांकि, दोपहर को धूप निकलने की संभावना है। इसके बाद सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। आज चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।