Haryana Polls: 400 करोड़ घोटाले के आरोप में जेल में बंद कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर का बेटा सिकंदर सिंह बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया। विधायक के बेटे को ईडी ने गिरफ्तार किया था। अब हाल ही में उसे रोहतक के एक अस्पताल के बाहर खुलेआम घूमते हुए देखा गया है।

मार्च में ईडी ने किया था गिरफ्तार

सिकंदर सिंह और उसके पिता पर 1,500 से ज्यादा घर खरीदारों से धोखाधड़ी करने और एक रियल एस्टेट फर्म में फर्जी निर्माण व्यय दर्ज करके 400 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। इस साल मार्च में प्रवर्तन निदेशालय ने उसे गिरफ्तार किया था।

बता दें कि हरियाणा से कांग्रेस विधायक का बेटा 400 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप में जेल में बंद है। विधायक का बेटा बीमारी का झूठा बहाना बनाकर जेल से PGI रोहतक में एडिमट हुआ। इस दौरान ही वह अस्पताल से बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया। इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उसके बीमार होने का बहाना बनाया।

सिकंदर सिंह की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड के जरिए सामने आई हैं, जिससे पता चलता है कि न्यायिक हिरासत में होने के बावजूद वह अवैध तरीके से अस्पताल से बाहर निकलता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिकंदर पीजीआईएमएस से निकलने के बाद फॉर्च्यूनर एसयूवी का इस्तेमाल करता है, होटलों में ठहरता है और पार्टी भी करता है। इसके अलावा वह विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार करने के लिए कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करता है।

क्या है घोटाला?

दरअसल, कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर और उसके बेटे सिकंदर सिंह ने गुरुग्राम के सेक्टर 68 में किफायती आवास बनाने के उद्देश्य से एक परियोजना शुरू की थी। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर 1,500 घर खरीदारों से लगभग 363 करोड़ रुपये एकत्र किए। इन्होंने 2021-22 तक परियोजना को पूरा करने का वादा किया और जो पूरा नहीं किया।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस प्रत्याशी को लगा झटका: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने दिए गिरफ्तारी के आदेश, कहा- सरेंडर करें वर्ना पुलिस लेगी एक्शन

इस संबंध में गुरुग्राम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद 2023 में प्रवर्तन निदेशालय ने छोकर और उनके बेटे के खिलाफ जांच का जिम्मा अपने हाथ में ले लिया। एफआईआर में उन पर अपनी कंपनी मिहिरा ग्रुप के जरिए बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था।