Haryana Jhanki at Kartavya pathआज 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में कर्तव्य पथ पर परेड के दौरान भारत की बढ़ती सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह में 'मेरा परिवार-मेरी पहचान' थीम पर हरियाणा की झांकी निकाली गई। पिछले वर्ष भी हरियाणा की झांकी में महिला सशक्तिकरण को दिखाया गया था। यह तीसरी बार है जब हरियाणा की झांकी को राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है।   

हरियाणा की झांकी का तीसरी बार किया गया चयन

हरियाणा की झांकी का कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिए तीसरी बार चयन रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ कमेटी द्वारा किया गया। दिल्ली में धौला कुआं के नजदीक राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में तैयार झांकी के बारे में हरियाणा के सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के डीजी मंदीप सिंह बराड़ ने इस बारे में जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि 'मेरा परिवार-मेरी पहचान' कार्यक्रम की शुरुआत आम जन को घर द्वार पर सरकारी सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार की हरियाणा की झांकी भारत सरकार की थीम 'विकसित भारत' के साथ सटीक बैठती है, जिसमें विरासत और विकास का सामंजस्य दिखाई देगा।

झांकी में डिजिटल शिक्षा को दर्शाया गया 

बता दें कि झांकी में एक स्कूली छात्रा दर्शाई गई, जिसके हाथ में टैबलेट है, जो डिजिटल हरियाणा का प्रतीक है। राज्य सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी ई-अधिगम कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में 10वीं से 12वीं क्लास में पढ़ने वाले 5 लाख से अधिक छात्रों को निशुल्क टैबलेट देकर कर रिकॉर्ड बनाया था। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य यह है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी डिजिटल रूप से शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके अलावा इस झांकी में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से जनता को आसानी से मिलने वाली सुविधाओं तथा सेवाओं को दर्शाया गया है।

ये भी पढ़ें:- Republic Day 2024 Parade: कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी तीसरी बार, जानिए क्या है थीम

जानें कैसे होता है झांकियों का चयन

जानकारी के मुताबिक रक्षा मंत्रालय की गठित विशेषज्ञ कमेटी हर साल राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और मंत्रालयों की झांकियों के चयन की प्रक्रिया नवंबर महीने में शुरू करती है, जिसमें सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व मंत्रालय अपनी-अपनी थीम पर झांकी संबंधित जानकारी विशेषज्ञ कमेटी के समक्ष रखते हैं। विशेषज्ञ कमेटी प्रासंगिकता और केंद्र सरकार द्वारा सुझाए गए थीम के आधार पर झांकियों का चयन किया जाता है। रक्षा मंत्रालय से गठित एक्सपर्ट कमिटी में आर्ट, कल्चर, पेंटिंग, स्कल्पचर, म्यूजिक, आर्किटेक्चर, कोरियोग्राफी क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग शामिल होते हैं।