Haryana Weather Updates: हरियाणा के साथ आसपास के राज्यों में भीषण सर्दी कहर बरपा रही है। कड़ाके की सर्दी ने लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। हरियाणा के लोगों को सर्दी के साथ-साथ कोहरे की भी मार झेलनी पड़ रही है। यही नहीं, पाला पड़ने से फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। पिछले 26 दिनों से कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे लोगों को आने वाले दिनों में भी राहत मिलेगी, ऐसी संभावना नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक के मौसम को लेकर अपडेट दी है। आईएमडी की मानें तो 31 जनवरी तक हरियाणा में कड़ाके की सर्दी के साथ शीत लहर चलती रहेगी। यही नहीं, बीच में कुछ स्थानों पर बारिश होने की भी संभावना है। 

तेज हवा से कांप रहे लोग

आईएमडी की मानें तो प्रदेश में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सरसराती हवा भी चल रही है, जो लोगों को कंपा दे रही है। कोल्ड वेव के कारण दिन के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बीते दिन मंगलवार को तेज हवा के कारण 5.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों ने आज बुधवार को हरियाणा के छह जिलों में रेड अलर्ट तो 16 जिलों में कोहरे और कड़ाके की ठंड का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, करनाल, यमुनानगर के इलाके में पाला भी जम सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 25 जनवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।  इसके बाद 27 जनवरी को फिर पश्चिमी विक्षोभ आएगा। हालांकि इसका असर पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेगा। लेकिन अगर ये मजबूत हुआ तो मैदानी इलाके भी इससे अछूते नहीं रहेंगे। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पूरी जनवरी इसी तरह बीतने वाली है।

जनवरी के अंत में बारिश की संभावना

हालांकि महीने के अंत तक हल्की बारिश दस्तक दे सकती है। प्रदेश में नए साल के शुरुआत से अभी बारिश नहीं हुई है। माना जा रहा है कि जनवरी जाते-जाते बारिश का फुहारा देकर जाएगी। इस साल में अब तक एक भी बार बारिश न होने के कारण प्रदेश के कुछ जिले ऐसे रहे जहां इस बार कोल्ड डे या सिवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। 

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, आज बारिश से हुई सुबह की शुरुआत, आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट

31 जनवरी तक के मौसम का हाल 

हरियाणा के अगले सात दिन के मौसम की बात की जाए तो मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है, तो वहीं न्यूनतम तापमान के छह डिग्री तक रहने की संभावना है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री तो शुक्रवार को आठ डिग्री पारा रहने का अनुमान है। हालांकि, ये प्रदेश के अन्य इलाकों में अलग-अलग दर्ज किया जा सकता है। वहीं, चंडीगढ़ में भी शीतलहर और घना कोहरा जारी है। लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 दिनों के लिए चेतावनी जारी की है और साथ ही पंजाब में 5 दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।