पानीपत। शहर की विद्यानंद कॉलोनी के तीन दोस्त एक बाइक पर सवार होकर दोपहर को उत्तर प्रदेश की ओर यमुना में नहाने के लिए गए थे। जैसे ही तीनों नहाने के लिए उतरे तो तेज बहाव के साथ यमुना में बह गए। शोर सुनकर आसपास काम कर रहे किसान सहायता के लिए चिल्लाए। जिसके बाद गोताखोरों ने शिवा को सुरक्षित बचा लिया, परंतु विकास व प्रिंस यमुना के बहाव के साथ बह गए। कड़ी मशक्त के बाद दोनों के शवों को यूपी की कैराना थाना पुलिस ने बरामद किया तथा घटना की जानकारी हरियाणा पुलिस व परिजनों को दी। 

यमुना पुल से 700 मीटर पहले लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार कि प्रिंस मॉडल संस्कृति स्कूल पानीपत में कक्षा 11 और विकास 12वीं का छात्र था। शिवा भी कक्षा 12 वीं का छात्र है। तीनों के बीच गहरी मित्रता थी। तीनों अक्सर साथ ही रहते थे और तीनों ही तैरना नहीं जानते थे। मंगलवार दोपहर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर नहाने के लिए यूपी क्षेत्र में यमुना पर पहुंचे। तीनों ने यमुना पुल से 700 मीटर पहले यमुना में छलांग लगा दी। नहाते हुए तीनों गहरे पानी में जा पहुंचे। जब डूबने लगे तो बचाव के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। 

किसानों के शोर मचाने पर पहुंचे गोताखोर

तीनों को यमुना में डूबता देख यमुना किनारे प्लेज लगा रहे किसानों ने शोर मचा दिया। किसानों का शोर सुनकर गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। शिवा को समय रहते गोताखोरों ने यमुना से सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन प्रिंस व विकास का पता नहीं चला। करीब एक घंटे की मशक्त के बाद गोताखोरों ने प्रिंस व विकास के शवों को बाहर निकाला। 

सूचना के बाद पहुंची कैराना थाना पुलिस 

तीन दोस्तों के नहर में डूबने की सूचना के बाद कैराना पुलिस थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कसाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे बाद विकास व प्रिंस का शवों को निकालकर शामली के अस्पताल पहुंचाया तथा घटना की सूचना हरियाणा पुलिस व परिजनों को दी।