गुहला-चीका/ कैथल: चीका के गांव बलबेहड़ा में बुधवार को गली में जगरूप का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि जगरूप के पड़ोसी महिला के साथ अवैध संबंध थे। दोनों के बीच बात बिगड़ गई तो हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। राहगीरों ने शव की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

महिला के घर बिजली का तार पकड़ने से हुई मौत

बताया जा रहा है कि मृतक के पड़ोस की महिला के साथ अवैध संबंध थे। महिला का पति किसी के ट्रैक्टर पर ड्राइवर की नौकरी करता है। घटना की रात वह घर से बाहर था। मौका देखकर रात को जगरूप महिला के घर में घुस गया। उस समय घर में महिला व उसका बेटा सो रहे थे। वहां जगरूप ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। जब महिला ने विरोध किया तो जगरूप ने बिजली की तार को छू लिया। महिला ने उसे बिजली के करंट से छुड़ाने के लिए उसके हाथों पर लकड़ी का फट्टा भी मारा और उसे होश में लाने का भरसक प्रयास किया। महिला ने जगरुप के घर का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उसके बाद महिला ने उसका शव घसीट कर बाहर गली में फेंक दिया।

गली में पड़ा मिला था युवक का शव

चीका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि जांच में अभी तक जगरूप के महिला के साथ अवैध संबंधों की बात सामने आई है। घटना की रात महिला के पति की गैर मौजूदगी में वह उसके घर में घुस गया था। करंट लगने की बात सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके बाद अगामी कार्रवाई की जाएगी और महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक की एडियों पर खरोंच के निशान थे। किसी ने शव को घसीट कर गली में फेंक दिया था। मृतक के भाई गुलाबा की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस की महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।