Yamunanagar: जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में भतीजे ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर अपनी चाची के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। जिसके बाद आरोपी ब्लैकमेल कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी युवक ने अपने दोस्त को भी अपनी चाची के घर भेजा। जहां आरोपी के दोस्त ने भी उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

घर में अकेली पाकर भतीजे ने किया था दुष्कर्म

छछरौली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी 2015 में शादी हुई थी। उसका पति उत्तराखंड की प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और वहीं रहता था। सितंबर 2022 में उसका पति बीमार हो गया। उसे ऋषिकेश के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस दौरान उसके पति का भतीजा संदीप उनके घर पर आने जाने लगा। उसका पति तब अस्पताल में दाखिल था। बेटी स्कूल चली जाती थी। एक दिन वह घर पर अकेली थी। सुबह दस बजे उसके पति का भतीजा संदीप उसके घर पर आया और उससे बातचीत करने लगा। बातों बातों में आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसके भतीजे ने उसके साथ गलत काम किया और अपने मोबाइल में उसकी अश्लील वीडियो बना ली।

अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करता रहा आरोपी

पीड़ित महिला ने बताया कि दुष्कर्म के बाद जब उसे होश आया तो उसने आरोपी का विरोध किया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया। अंतिम बार बीती छह फरवरी को आरोपी संदीप ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने आरोपी को पुलिस केस करने की धमकी दी तो उसने अपने साथी चुहड़पुर निवासी अंकुश को उसके घर भेजा। आरोपी अंकुश भी उस पर गलत नजर रखता था। आरोपी अंकुश ने भी उसके घर में घुसकर उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया और फोन पर अश्लील बातें की। उसने परेशान होकर इस बारे अपने पति को बताया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।