Haryana Civil Hospital: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की ओर से गड़बड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया है। अस्पतालों में तैनात 24 डॉक्टरों ने अपने प्राइवेट अस्पताल खोले हुए हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि सिविल अस्पताल में इलाज करने की बजाए मरीजों को अपने अस्पतालों में रेफर कर रहे हैं। कई अस्पतालों में डॉक्टरों का मरीजों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। वहीं, एक सिविल अस्पताल में डॉक्टर ऑपरेशन के बदले पैसे भी ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की जॉइंट डायरेक्टर ने सभी सिविल सर्जन को लेटर लिखकर ऐसे डॉक्टरों पर कार्रवाई करने को कहा है। लेटर में सभी डॉक्टरों के नाम और अस्पतालों के नाम भी शामिल किए गए हैं।

इन जिलों में पाई गई गड़बड़  

बता दें कि राज्य में 11 अस्पताल ऐसे हैं, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी मिली है। इनमे दादरी, जींद, नारायणगढ़,  असंध,  कलानौर, महम, सिरसा, नीलोखेड़ी, डबवाली, ऐलनाबाद और सोनीपत के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। इसके अलावा 25 जनरल अस्पताल नारायणगढ़, दादरी, फतेहाबाद, सोहना, हिसार, झज्जर, बहादुरगढ़, जींद, कैथल, असंध, नीलोखेड़ी, कुरुक्षेत्र, नारनौल, मांडीखेड़ा नगीना, पलवल, पानीपत, समालखा, रेवाड़ी, रोहतक, कलानौर, सिरसा, डबवाली, ऐलनाबाद, सोनीपत व यमुनानगर में MRI की सुविधा नहीं है।

समय पर नहीं आते डॉक्टर

जानकारी के के अनुसार दादरी के सिविल अस्पताल में कुछ डॉक्टर समय पर नहीं आते हैं। लैब टेक्नीशियनों द्वारा मरीजों को टेस्ट करने के लिए ऐसी लैब में भेजा जाता है, जो हरियाणा सरकार से अप्रूव्ड नहीं है। सिविल अस्पताल सोनीपत में तैनात ENT डॉक्टर का समय पर न आने के वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सिविल अस्पताल सोहना में सुविधाओं की कमी के कारण डॉक्टरों द्वारा मरीजों को सिविल अस्पताल सेक्टर 10 गुरुग्राम में रेफर कर दिया जाता है। यह अस्पताल सोहना से करीब 25 किलोमीटर दूर है, जिस वजह से मरीजों को काफी परेशानी होती है।

डॉक्टरों का व्यवहार ठीक नहीं

कैथल अस्पताल के डॉ. रामअवतार शर्मा फिजिशियन तथा डॉ. आशीष मित्तल का मरीजों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। सिविल सर्जन को लिखे गए लेटर में कहा गया की सोनीपत, भिवानी, हिसार, चरखी दादरी, पंचकूला, हांसी, कैथल, नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों का व्यवहार मरीजों के साथ ठीक न होने की शिकायत मिली है।

Also Read: School Local Holiday: हरियाणा के स्कूलों में होंगे लोकल हॉली-डे, इन त्योहारों पर होगी छुट्टि

डॉक्टरों ने खोले हुए हैं अपने अस्पताल

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में यह भी खुलासा किया गया है कि 24 ऐसे डॉक्टर हैं, जिन्होंने अपने पति या पत्नी के नाम पर प्राइवेट अस्पताल खोल रखा है। इन अस्पतालों में दोनों मिलकर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। रिपोर्ट में डॉक्टरों के नाम के साथ ही उनके अस्पतालों की भी पूरी डिटेल दी हुई है। डॉक्टरों ने फरीदाबाद, हिसार, अंबाला, गुरुग्राम, चरखी दादरी, फतेहाबाद, बल्लभगढ़, हांसी और जींद में अपने-अपने बड़े प्राइवेट अस्पताल खोले हुए हैं।