Bahadurgarh: दिल्ली की एक किशोरी के साथ बहादुरगढ़ में दुष्कर्म किया गया। किशोरी ने अपने ही एक परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर गलत काम और बदनाम करने का आरोप लगाया है। आरोप कितने सही हैं, ये जांच का विषय है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी युवक की तलाश कर रही है। साथ ही होटल में भी पूछताछ की जा रही है।

होटल में कई बार दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

पीड़िता ने बताया कि वह दिल्ली की एक कॉलोनी की रहने वाली है। उसकी युवक के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। यह सिलसिला तीन साल पहले शुरू हुआ। दोनों में बातचीत शुरू हो गई थी। एक साथ घूमने जाने लगे। 2022 में वह लड़का उसे बहादुरगढ़ के एक होटल में ले गया। इसके बाद शादी का झांसा देकर कई बार होटल ले जाकर उसके साथ गलत काम करता रहा। जब गर्भवती हुई तो उसने अबॉर्शन की दवाई लाकर दी और फिर मिलना बंद कर दिया। अब वह युवक उसे बदनाम कर रहा है, अश्लील फोटो लोगों को दिखा रहा है। लड़की के इन आरोपों में कितनी सच्चाई है, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच पूर्ण होने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

पड़ोसी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

बहादुरगढ़ क्षेत्र की एक महिला ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहादुरगढ़ की एक कॉलोनी की रहने वाली पीड़ित विवाहिता ने बताया कि 26 फरवरी से लेकर पांच अप्रैल तक उसके साथ यह वारदात हुई है। आरोपी युवक ने झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। जान से मारने की धमकी देकर गलत काम करता रहा। वहीं, बहादुरगढ़ पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।