Haryana: मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच दोपहर बाद तक उमस ने लोगों को खूब बेहाल रखा। शाम तक बादल छाए तो हलकी बूंदाबांदी हुई, जिसने गर्मी तथा उमस से कुछ राहत दिलाई। आकाश में बादलों का जमावड़ा लगा रहा और बारिश के आसार बने रहे। हालांकि वीरवार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 71 प्रतिशत तथा हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आकाश में बादल छाए रहेंगे। बारिश की भी संभावना है।

उमस ने किया बेहाल, शाम को मिली राहत

बारिश न होने के कारण मौसम में जबरदस्त उमस बनी हुई है, जिसने लोगों को बेहाल किया हुआ है। उमस के कारण रात को बिजली भी ट्रिप बार-बार हो रही थी। बुधवार को दिन का आगाज अकाश में छाए हलके बादलों के साथ हुआ। दिन चढ़ने के साथ मौसम में उमस बन गई, जिसने दोपहर बाद तक लोगों को परेशान रखा। बाद में मौसम ने करवट ली और आकाश में गहरे बादल छा गए। जिसके साथ हलकी बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि यह ज्यादा समय तक जारी नहीं रही, जिसमें गर्मी तथा उमस से राहत दिलाई। आकाश में बादल घुमड़ते रहे और बारिश के आसार भी बने रहे।

कल के लिए ऑरेंज अलर्ट, किसानों की नजर

मानसून सीजन में इस बार 60 प्रतिशत बारिश कम हुई है, जिससे किसान भी परेशान है। बारिश न होने के कारण फसलों पर भी विपरित प्रभाव पड़ रहा है। किसान बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि वीरवार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है, जिससे अच्छी बारिश होने की संभावना बनी है। यह भी साफ है कि अब तक अलर्ट के बावजूद भी बारिश नहीं हुई। अगर अच्छी बारिश होती है तो फसलों को काफी फायदा पहुंचेगा। अब किसानों की नजर वीरवार के अलर्ट पर है, ताकि अच्छी बारिश हो जाए। मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि मानसून फिर से एक्टिव हुआ है। चार अगस्त तक बारिश की संभावना है। बारिश एक साथ न होकर बिखराव में हो सकती है। एक साथ पूरे इलाके में बारिश होती है तो इसका फायदा ज्यादा होगा।

अगले दो - तीन दिन बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि आने दो तीन दिनों में सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली के साथ जिला महेंद्रगढ़ में भी मानसून गतिविधियों की संभावना बन रही है। संपूर्ण हरियाणा में बुधवार रात से बारिश में और बढ़ोतरी होगी तथा अगले 48 घंटों तक रूक रूककर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कहीं कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।