Gold Mining in MP: मध्य प्रदेश में हीरे के बाद अब सोने का खनन भी होगा। केंद्र सरकार से मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने हरियाणा की कंपनी को गोल्ड ब्लॉक आवंटित किया है। यह गोल्ड ब्लॉक सिंगरौली जिले में स्थित हैं। 

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित इस गोल्ड ब्लॉक में 22 साल के सर्वेक्षण के बाद खनन की अनुमति मिली है। सिंगरौली के अलावा बैतूल, सिवनी, जबलपुर, बालाघाट, कटनी, शहडोल, छिंदवाड़ा और उमरिया जिले में भी सोने की खोज के लिए सर्वे किया गया, लेकिन सिंगरौली के चितरंगी में सोना मौजूद होने की पुष्टि हुई है। 

6 हजार करोड़ का राजस्व लाभ
सोने के खनन से मध्य प्रदेश सरकार को 6 हजार करोड़ का राजस्व लाभ होगा। भू वैज्ञानिकों ने एक टन पत्थर से एक ग्राम सोना निकालने का अनुमान जताया है। राज्य सरकार ने खनन कंपनी को सख्त निर्देश दिए हैं, जिनकी अनदेखी पर अधिसूचना निरस्त की जा सकती है। 

खनन के लिए जरूरी शर्तें 
मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सिंगरौली जिले के चितरंगी तहसील में 140 हेक्टेयर एरिया हरियाणा की कंपनी को खनन के लिए आवंटित किया है। खनिज कंपनी को खनन से पहले भारतीय खान ब्यूरो, सिंगरौली कलेक्टर और भौमिक एवं खनिकर्म संचालक को सूचना देनी होगी। शर्तों के अनुसार, कंपनी प्रतिबंधित स्थलों पर पूर्वेक्षण का कार्य नहीं करेगी। नियमों के उल्लंघन पर अधिसूचना निरस्त कर दी सकती है।