Bhind: एमपी के भिंड में रेस्क्यू के दौरान नदी में नाव पलटने से दो जवान बह गए थे। गुरूवार को बहे दोनों जवानों के शव मिल गए हैं। बता दें, घटनास्थल से 10 किलोमीटर दूर कनावर के नजदीक हरिदास चौहान का शव मिला। वहीं कनावर से 3 किलोमीटर आगे श्योडा गांव से प्रवीण कुशवाहा का शव बरामद किया गया। ग्वालियर से आई NDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई थी। करीब 40 से ज्यादा जवान नदी और घटना स्थल से 5 किलोमीटर के दायरे में खोजबीन कर रहे थे। 

बुधवार शाम को पलटी थी नाव
घटना बुधवार शाम देहात थाना इलाके के कचोंगरा गांव की है। जहां कुंवारी नदी के चेक डैम पर एक गाय फंस गई थी। गाय का मालिक विजय सिंह राजावत (45) उसे बचाने गया, लेकिन वह पानी में फंस गया। मदद करने उसका भाई सुनील नदी में उतरा, लेकिन विजय की डूबने से मौत हो गई।

इधर, सुनील भी तेज बहाव में फंस गया। सुनील को फंसा देखकर उसे निकालने कुछ ग्रामीण नदी में उतरे। वे भी पानी में फंस गए। इसके बाद SDERF को सूचना दी गई। जवानों ने ग्रामीणों को बाहर निकाला, लेकिन रेस्क्यू के दौरान टीम की नाव पलट गई, जिसमें प्रवीण कुशवाहा और हरिदास चौहान नाम के दो जवान बह गए। घटना के करीब 23 घंटे बाद दोनों के शव मिले हैं।

ग्रामीणों ने होमगार्ड कमांडेंट से मारपीट की
जवानों के नहीं मिलने पर गांव वालों में आक्रोश दिखा। दोपहर करीब 3 बजे गुस्साए कुछ ग्रामीणों ने होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट उमेश शर्मा के साथ मारपीट कर दी। उन्हें घूंसे मारे गए। ग्रामीणों ने होमगार्ड अफसर पर पैसे लेकर गोताखोरों की ड्यूटी लगाने का आरोप लगाया। साथ ही, रेस्क्यू में भी लापरवाही का आरोप लगाया।

इस बात को SDERF जवान राहुल शर्मा ने गलत ठहराया। पुलिस जवानों ने गांव वालों को खदेड़ा। गुस्साए लोगों ने गांव के बाहर बैरिकेड्स लगाकर चक्काजाम कर दिया। इससे पहले, बुधवार की तुलना में नदी का पानी ढाई फीट कम हुआ है। बहाव भी धीमा है।

40 जवान नदी में उतरे
बता दें, जवानों को तलाशने रस्सियों के सहारे जाल बिछाया गया, ताकि नाव न पलटे। ​​​​​तीन बोट में 40 जवान नदी में उतारे गए थे। दोनों किनारों के साथ नदी के पांच किलोमीटर के दायरे में तलाश शुरू किया गया। किनारों के बीच 5 जगह रस्सियां बांधी गई थी।