BJP Membership Campaign: मध्यप्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में भाजपा रविवार को किसान सदस्यता दिवस मनाएगी। BJP के ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा और सभी कार्यकर्ता मैदान में उतरेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर 100 सदस्य बनाए जाएंगे। यह बात एमपी भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रतलाम में शुक्रवार को सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में कही।

अभियान को ऐतिहासिक बनाएं 
वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के पर्व और सदस्यता अभियान के लिए 15 सितम्बर का दिन अधिकतम सदस्यता का दिन तय किया है। इस दिन पार्टी की अधिकतम सदस्यता होगी। वीडी शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाकर मध्य प्रदेश के सदस्यता के अभियान में इतिहास बनाएंगे। शर्मा ने सभी से अपील की है कि कल सुबह से लेकर रात तक मध्य प्रदेश के सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक बनाएं।

विधर्मियों ने रतलाम में अशांति फैलाने की कोशिश की
रतलाम में शनिवार को वीडी शर्मा ने गणेश प्रतिमा के जुलूस पर पथराव की घटना को बड़ा बयान दिया है। वीडी शर्मा ने कहा कि कुछ विधर्मियों ने रतलाम में अशांति फैलाने की कोशिश की है। इन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बयान देने से पहले वीडी ने सर्किट हाउस पर पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और अन्य नेताओं से मुलाकात की। 

जहां भाजपा की हार, वहां विशेष फोकस
वीडी शर्मा ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जिन विधानसभा में भाजपा की हार हुई है, वहां विशेष फ़ोकस किया जा रहा है। सैलाना विधानसभा में हम हारे हैं। जहां हार हुई है, वहां ज्यादा से ज्यादा सदस्य भारतीय जनता पार्टी के बनें और नए लोगों को अवसर मिले। विधानसभाओं में 15000 बूथ पर हारते आ रहे हैं। इसलिए पार्टी ने लगातार उन बूथों पर फोकस किया है। हर बूथ और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। यह सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी सर्वव्यापी होगा।