MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पार्टी अभियान के अंतर्गत दीवार लेखन किया है। जिसमें लिखा कि एक बार फिर से मोदी सरकार। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी है और इसमें मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता को जो दायित्व मिलता है, उसे पूरा करता है। मुझे इस बात की खुशी है, कि एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने अपने दायित्व को पूरा किया है। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष भोपाल सुमित पचौरी शामिल रहे। 

जेपी नड्डा के आह्वान पर चलाया जा रहा अभियान
मुख्यमंत्री ने शनिवार को गांधीनगर मंडल वार्ड क्रमांक 6 के बूथ क्रमांक 56 के लालघाटी चौराहे के ओवर ब्रिज पर एक दीवार लेखन के दौरान मीडिया से बात करते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के आह्वान पर देश भर में "फिर एक बार मोदी सरकार" अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देशभर में दीवार लेखन किया जा रहा है। हमें पार्टी का प्रचार भी करना है और स्वच्छता का ध्यान भी रखना है। इसलिए हमने एक निजी दीवार पर उसके मालिक की सहमति से दीवार लेखन किया है। इस अभियान में शामिल होकर दीवार लेखन करने पर मुझे प्रसन्नता है और मैं सभी पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को इस अभियान के लिए बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

शुभंकर साबित होंगे प्रधानमंत्री जी
सीएम ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि कल प्रधानमंत्री जी झाबुआ आ रहे हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और प्रदेश की 8.5 करोड़ जनता उनके आगमन की प्रतीक्षा में है। हम सभी मध्यप्रदेश की धरती पर उनका स्वागत करते हैं। कल पं.दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि भी है, जिनके पथ पर चलते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की यह यात्रा हम सभी के लिए शुभंकर साबित होगी।