Union Minister Savitri Thakur: केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' का स्लोगन ही ठीक से नहीं लिख पाई। धार में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत शिक्षा रथ को हरी झंडी दिखाने के लिए मंत्री ठाकुर पहुंची। रथ के फ्लैक्स पर ठाकुर को स्लोगन लिखना था। सावित्री ने बेटी पढ़ाओ को बेढी पडाओ और बेटी बचाओ को बच्चाव लिख दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने लिखा लिखा- बेढी पडाओ बच्चाव। मामला धार में आयोजित शासकीय कार्यक्रम का है। 

सोशल मीडिया पर फोटो और वायरल 
धार में तीन दिवसीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत करने महिला एवं बाल विकास विभाग की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर को बुलाया था। कार्यक्रम में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत करने के बाद शिक्षा रथ को हरी झंडी दिखाई जानी थी। रथ शिक्षा के प्रचार-प्रसार को लेकर सात दिनों तक पूरे जिले में घुमेगा। इस रथ पर ही मंत्री ने स्लोगन को गलत लिख दिया। मंत्री के गलत स्लोगन लिखने के फोटो और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

मुकाम सिंह ने लिखा-दुर्भाग्यपूर्ण
मंत्री सावित्री का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस से जिला पंचायत सदस्य मुकाम सिंह अलावा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मुकाम ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- लोकसभा चुनाव जीतीं धार-महू लोकसभा सांसद और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ स्लोगन लिखना था। लेकिन, वह भी लिखते नहीं आ रहा है, बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण विषय है।