Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

ट्रक ने स्कूटी में मारी टक्कर, 2 लड़कियों की मौत
नरसिंहपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार 3 युवतियों को टक्कर मार दी। जिसमें 2 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। जानकारी के मुताबिक तीनों नाबालिग लड़कियां धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनकर घर लौट रही थीं। युवतियों की पहचान करौली की रहने वाली निकिता साहू, निकिता ठाकुर और सिमरम ठाकुर के रूप में की गई है। तीनों लड़कियों की उम्र 14 साल बताई जा रही है।

नगर निगम की क्रेन गिरने से दो घायल 
भोपाल में महाराणा प्रताप जन्मोत्सव के दौरान नगर निगम की क्रेन गिर गई। रविवार को क्षत्रिय समाज के लोग महाराणा प्रताप की प्रतिमा के माल्यार्पण के लिए एमपी नगर चौराहे पर जुटे थे। नगर निगम की क्रेन के जरिए प्रतिमा पर माला अर्पित की जा रही थी। वार्ड 66 के पार्षद जितेंद्र सिंह राजपूत माल्यार्पण के लिए जैसे ही क्रेन पर पहुंचे, वह गिर गई। इससे पार्षद राजपूत को चोट आई है। पैर में फ्रैक्चर हो गया है। उनके मामा को भी चोट आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

मोहन यादव आज कहां रहेंगे 
मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। मोहन यादव पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। राष्ट्रपति भवन में सवा सात बजे शपथ ग्रहण होगा। सीएम मोहन मंत्रियों और सांसदों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को देवास के नेमावर और शुजालपुर में 'जल-गंगा संवर्धन' अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नेमावर के दंडी आश्रम स्थित अनोली बाबा के शिष्य की पंच समाधि स्थल काजलपुर, नागर घाट पर श्रमदान करेंगे। CM सुबह 9:30 बजे नेमावर पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 11 बजे शुजालपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 

आज होगी आतिशबाजी और बंटेंगी मिठाइयां 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में बन रही एनडीए सरकार की खुशी में 9 जून को भाजपा प्रदेश के सभी मंडलों में उत्सव मनाएगी। प्रदेश भाजपा ने राज्य के सभी सांगठनिक मंडलों में शपथ ग्रहण के अवसर पर उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेशभर में बीजेपी कार्यकर्ता दीपावली की तर्ज पर जश्न मनाएंगे। मंडल स्तर पर रैली निकाली जाएगी। आतिशबाजी के साथ मिठाइयां बांटी जाएगी। शाम 6 बजे से ही प्रदेश में कार्यकर्ता जश्न में डूब जाएंगे। 

शिवराज सिंह चौहान दिल्ली रवाना 
नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार सुबह 8:10 बजे एयर इंडिया विमान से भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इनके साथ पशुपालन मंत्री लखन पटेल भी रवाना हुए। प्रदेश के सभी सांसद दो दिनों से दिल्ली में ही मौजूद हैं। शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए विधायक दिल्ली पहुंचे।