Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

पत्नी ने पति की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में फेंका
छिंदवाड़ा में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पत्नी ने पति की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। तीन दिन तक वह इस बात को छिपाए रही, जब बदबू फैली तो शनिवार देर रात थाने पहुंचकर पूरी सच्चाई बता दी। घटना बिछुआ पठार की है।  पत्नी शीला मसकोले ने पुलिस को बताया कि पति(किशोर मसकोले) उसे पीटता था। रोज-रोज की मारपीट और तानों से तंग आकर उसने उसे मार डाला। शव सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से ढक्कन से पैक कर दिया। 

जय शाह दतिया पहुंचे
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पुत्र जय शाह रविवार सुबह दतिया पहुंचे। उन्होंने पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना की। महाभारत कालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। वे करीब आधे घंटे मंदिर में रुके।

खंडवा में ट्राले ने दो को रौंदा
खंडवा में 16 चक्के के ट्राले ने सड़क किनारे खड़े महिला समेत दो लोगों को रौंद दिया। दोनों घायल हुए हैं। इसके पहले ट्राले ने कार को टक्कर मारी। कार सवारों के पीछा करने पर ड्राइवर ट्राले को फुल स्पीड में भगा रहा था। उसने रास्ते में दो पिकअप और एक बस को भी टक्कर मारी।घटना रविवार सुबह 11.30 बजे आशापुर गांव में खंडवा-होशगांबाद स्टेट हाईवे की है। 300 मीटर आगे जाकर चलते ट्राले से ड्राइवर और क्लीनर कूदकर फरार हो गए। ट्राला पलट गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इंदौर में बर्थडे पार्टी में युवक की हत्या 
इंदौर में बर्थडे पार्टी में युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर रात छत्रीपुरा इलाके में कहासुनी के बाद पांच दोस्तों ने हमला कर दिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोस्तों को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ नाबालिग बताए जा रहे हैं। अर्जुनपुरा निवासी शिवा जरेले (19) की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी। 

सट्‌टा किंग उज्जैन से गिरफ्तार 
सट्‌टा किंग पीयूष चोपड़ा को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह यूरोप भागने की फिराक में था। उज्जैन पुलिस ने गुरुवार रात कृष्णा पार्क और मुसद्दीपुरा में बिल्डर पीयूष चोपड़ा के घर छापा मारा था। यहां गेमिंग और आईपीएल सट्टे की सूचना मिली थी। बांग्लादेश-नीदरलैंड के बीच चल रहे टी-20 मुकाबले पर ऑनलाइन सट्‌टा लगाया जा रहा था। सटोरियों से 15 करोड़ रुपए जब्त किए गए थे। पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी पीयूष चोपड़ा फरार चल रहा था।

विंध्याचल एक्सप्रेस में धुआं से हड़कंप
सागर के कुरवाई कैथोरा रेलवे स्टेशन के पास भोपाल-इटारसी विंध्याचल एक्सप्रेस के एक कोच से धुआं निकलने लगा। यात्रियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने चेन खींच दी। ट्रेन के रुकते ही, कोच में बैठे यात्री नीचे कूद गए। इनमें से कुछ को चोट आई है। खुरई रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर जांच के बाद रवाना किया गया। धुआं ब्रेक ब्रेक ब्लॉक होने के कारण निकला था।

एमपी के सभी केंद्रीय मंत्रियों का आज स्वागत 
मध्य प्रदेश के 6 मंत्री मोदी कैबिनेट में शपथ लेने के बाद आज पहली बार भोपाल आएंगे। भाजपा मुख्यालय में सभी केंद्रीय मंत्रियों का भव्य स्वागत होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए मंत्रिमंडल का हिस्सा बनने पर बधाई मिलेगी। बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने न्योता भेजा था। 65 से अधिक जगह विभिन्न सामाजिक संगठन स्वागत करेंगे। रेलवे स्टेशन से भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत होगा।

मोहन यादव आज क्या-क्या करेंगे
सीएम मोहन यादव रविवार को उज्जैन और इंदौर के दौरे पर रहेंगे। सुबह 8.30 बजे सीएम उज्जैन में अखाड़ा परिषद के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 9 बजे जल गंगा अभियान में भी शामिल होंगे। उज्जैन से पीएम श्री धार्मिक पर्यटन सेवा का भी शुभारंभ करेंगे। सुबह 10 बजे 10 बजे उज्जैन से इंदौर पहुंचेंगे। 10:30 बजे भंवरसला तालाब में श्रमदान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम दोपहर 12.30 बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना होंगे। भोपाल में केंद्रीय मंत्रियों के स्वागत समारोह में शामिल होंगे। शाम 5:00 बजे भोपाल से उज्जैन जाएंगे। जहां शाम 6 बजे शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के अंतर्गत मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।