Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

आधी रात 7 पुलिस अधिकारियों के तबादले
मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने गुरुवार (24 अक्टूबर) की रात 12 बजे सागर, रीवा और ग्वालियर के ईओडब्ल्यू एसपी सहित 7 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। एसपी, पीटीएस (सागर) दिनेश कुमार कौशल को जोनल पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा, रीवा भेजा गया है। एसपी, साइबर (इंदौर) जितेंद्र सिंह को एसपी, एटीएस (इंदौर) बनाया गया। एसपी, विपुस्था, लोकायुक्त संगठन (रीवा) गोपाल सिंह धाकड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुरैना), जबकि मौजूदा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुरैना) अरविंद सिंह ठाकुर को एसपी, ईओडब्लू (रीवा) की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि नाम निर्देशन पत्र भरने का आज आखिरी दिन है। इसकी समीक्षा 28 अक्टूबर को होगी। 

बुधनी में रमाकांत आज दाखिल करेंगे नामांकन
बुधनी विधानसभा  उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। रमाकांत का नामांकन सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दाखिल कराएंगे। शिवराज और मोहन के रोड शो के बाद रमाकांत का नामांकन जमा किया जाएगा। विजयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा का नामांकन दाखिल कराने के लिए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, अशोक सिंह मौजूद रहेंगे।

राज्यपाल और CM शिक्षकों को करेंगे सम्मानित
भोपाल के प्रशासन अकादमी में सीएम डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल शुक्रवार को प्रदेश के 54 लाख स्टूडेंट्स की यूनिफॉर्म के लिए 324 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री 14 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान भी देंगे। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में  राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2023 के पुरस्कृत 2 शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।  

चक्रवाती तूफान दाना का दिखेगा असर
चक्रवाती तूफान दाना का मध्यप्रदेश में भी असर देखने को मिलेगा। दो दिनों तक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश का अनुमान है। जबलपुर समेत प्रदेश के 8 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में धूप खिली रहेगी। कई शहरों में दिन का पारा 30 डिग्री से कम रहेगा। 

रीवा में गैंगरेप 
मध्य प्रदेश के रीवा में पति के साथ पिकनिक मनाने गई महिला से 5 हैवानों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने पहले उनकी पिटाई की। फिर पति को पेड़ से बांधकर उसकी आखों के सामने पत्नी से  सामूहिक दुष्कर्म किया। जानकारी के मुताबिक, दंपती कॉलेज में पढ़ते हैं। हाल ही में उनकी शादी हुई है। सनसनीखेज वारदात जिले के गुढ़ थाना के भैरव बाबा क्षेत्र में हुई है।