भोपाल। मध्य प्रदेश बोर्ड का 10वीं और 12वीं में अंग्रेजी का रिजल्ट बेहद खराब आया है। दोनों कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और अर्थशास्त्र विषयों में विद्यार्थी सबसे ज्यादा कमजोर हैं। इस साल 10वीं में करीब तीन लाख विद्यार्थी और 12वीं में करीब डेढ़ लाख विद्यार्थी फेल हुए। 10वीं में गणित में 2.91 लाख, विज्ञान में 2.41 लाख, सामाजिक विज्ञान में 2.27 लाख विद्यार्थी फेल हुए हैं। कुछ ऐसा ही हाल 12वीं का भी है। अर्थशास्त्र में 53 हजार, भौतिकी में 60 हजार विद्यार्थी फेल हुए। यहां तक कि हिंदी जैसे विषय में भी दोनों कक्षाओं में विद्यार्थियों का प्रदर्शन खराब रहा है।  

यह रही वजह 
10वीं और 12वीं में खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह शिक्षकों की कमी हो सकती है। उच्च माध्यमिक शिक्षक वर्ग में विषयवार शिक्षकों के आधे से ज्यादा पद खाली हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा कैसे मिलेगी। 

गौरतलब है कि 10वीं की परीक्षा में 8.21 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। कक्षा का परिणाम 58.10 प्रतिशत रहा। वहीं, 12वीं की परीक्षा में 6.24 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनका परिणाम 64.49 प्रतिशत रहा। 

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी दोनों कक्षाओं के विषयवार परिणामों की समीक्षा करने में जुटे हैं। वहीं, शिक्षाविद का कहना है कि जब शिक्षकों के पद आधे से अधिक खाली होंगे तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं है। विभाग को पहले खाली पदों को भरना होगा।

अंग्रेजी व हिंदी में शिक्षकों के आधे पद खाली
उच्च माध्यमिक वर्ग में अंग्रेजी व हिंदी में शिक्षकों के आधे पद खाली हैं, जहां अंग्रेजी में शिक्षकों के स्वीकृत पदों में से 5900 में से 2910 पद खाली हैं। वहीं गणित विषय में से स्वीकृत पद 3700 में से 1823 पद खाली हैं। इसी तरह हिंदी में 6040 स्वीकृत पदों में से 3029 पद खाली हैं।

प्रदेश में फेल हुए कुल विद्यार्थी
12वीं में कुल विद्यार्थियों की संख्या- 6 लाख 24 हजार 
कितने फेल हुए- 2 लाख

10वीं में कुल विद्यार्थियों की संख्या- 8 लाख 28 हजार 
फेल हुए विद्यार्थी- 2.15 लाख

10वीं में कितने विद्यार्थी फेल-कितने पास 

विषय कुल विद्यार्थी पास  फेल 
गणित  8.28 5.37 2.91
अंग्रेजी  8.22 5.17 3.05
विज्ञान  8.28 5.87 2.41
सामाजिक विज्ञान 8.28 6.02 2.27
हिंदी  8.22 7.03 1.19
संस्कृत  7.49 6.44 1.05

नोट- आंकड़े लाख में 

12वीं में कितने विद्यार्थी फेल-कितने पास 

विषय कुल विद्यार्थी पास  फेल 
अंग्रेजी  5.72 4.20 1.52
भौतिक 2.83 2.23 60 हजार
अर्थशास्त्र 2.09 1.56 53 हजार
हिंदी  6.14 5.66 47 हजार 
गणित  90 हजार 73 हजार 17 हजार 
रसायन शास्त्र 2.83 2.45 38 हजार 
राजनीति 1.98 1.63 34 हजार 
जीव विज्ञान  1.95 1.67 27 हजार 
बुक कीपिंग  83 हजार 69 हजार 14 हजार 
भूगोल  1.22  1.12 10 हजार 

प्रदेश में शिक्षकों के कितने पद खाली 

विषय स्वीकृत पद भरे पद खाली पद
अंग्रेजी 5900 2990 2910
गणित  3700 1877 1823
हिंदी  6040 3011 3029
अर्थशास्त्र 3100 1420 1680
भौतिक  3400 1399 2001
रसायन शास्त्र 3800 1489 2311
जीव विज्ञान  4000 2200 1800
इतिहास 2400 1590 810
राजनीति शास्त्र  3700 1690 2010
भूगोल  2350 900 1450
समाजशास्त्र 500 200 300
वाणिज्य  1200 800 400
कृषि  600 200 400
उर्दु 90 70 20