भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। उत्तरी हवा चलने से पूरे प्रदेश में ठंड का एक और दौर आ गया है। कई जिलों में तो सर्दी से लोग ठिठुर रहे हैं। पिछले 24 घंटे की ही बात करें तो 28 जिलों में रात का पारा 6.5 डिग्री तक नीचे लुढ़का है। 25 जिलों में दिन के तापमान में एक से 4.7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। 24 जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से कम है। गुरुवार को शिवपुरी का पिपरसमा सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान पचमढ़ी में सबसे कम 20 डिग्री रहा। दतिया की रात भी खूब सर्द रही। यहां न्यूनतम पारा 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

अभी तीन दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम 
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि उत्तरी हवा चलने से प्रदेश में सर्दी लौटी है। अगले 3 दिन तक हल्की ठंड का अहसास होगा। 11-12 फरवरी से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 2 से 3 दिन तक न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। 

इन जिलों में रात का पारा सबसे कम 
शिवपुरी के पिपरसमा में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री रहा। दतिया में 6.8, नौगांव 7, अशोकनगर के आंवरी और छतरपुर के बिजावर में 7.2, शहडोल के कल्याणपुर में 7.5  न्यूनतम पारा रहा। सागर 8.5, उमरिया 9, रीवा 9, गुना 9.2, पचमढ़ी 9 और खजुराहो में 9.2 डिग्री पारा दर्ज किया गया। नौगांव में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 6.5 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 

पचमढ़ी में कम और खंडवा में सबसे ज्यादा रहा तापमान 
पचमढ़ी का दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। एक ही दिन में टेम्प्रेचर 3.8 डिग्री तक लुढ़क गया। सीधी, खजुराहो, उमरिया, रीवा, रायसेन, शिवपुरी, टीकमगढ़, मलाजखंड, धार, नौगांव, दमोह, नर्मदापुरम, सागर, गुना, बैतूल और छिंदवाड़ा में भी अधिकतम तापमान 25 डिग्री से कम रहा। खरगोन में सबसे ज्यादा 30.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। खंडवा में 29.5 और नरसिंहपुर में 29 डिग्री तापमान रहा।

बैतूल में सबसे ज्यादा गिरा दिन का तापमान 
बैतूल में सबसे ज्यादा 4.7 डिग्री दिन के तापमान में गिरावट हुई। यहां अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। छिंदवाड़ा में चार डिग्री गिरकर 24.8 तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में 3.1 डिग्री लुढ़कर तापमान 23.7 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री, ग्वालियर में 22.8 डिग्री, जबलपुर में 23.9 डिग्री और उज्जैन में 25 डिग्री दर्ज किया गया। रायसेन 23, शिवपुरी 23, रीवा 22.4 उमरिया 22.4 दतिया 21.7 और सीधी में 22.2 दिन का पारा दर्ज किया गया।