उज्जैन। गोरखपुर के सांसद और एक्टर रवि किशन ने महाकाल के दर्शन किए। रवि  धोती-सोला पहनकर श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को तड़के चार बजे भस्म आरती में शामिल हुए।

महाकाल ने मोहन यादव को राजा बना दिया

दर्शन और पूजन के बाद रवि किशन ने कहा, 'मैं तो महाकाल का सेवक और उनके चरणों का दास हूं। महाकाल दर्शन कर धन्य हो गया। PM मोदी ने भव्य महाकाल लोक बनाया है। महाकाल ने यहां के विधायक डॉ. मोहन यादव को राजा बना दिया। चुनाव प्रचार के लिए जब आया था, तब महाकाल भगवान से प्रार्थना की थी कि भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कर दिया।'

मस्तक पर रजत चंद्र के साथ ॐ और त्रिपुंड अर्पित कर श्रृंगार

बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान महाकाल को जल से स्नान कराया गया। पंडे - पुजारियों ने दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से बाबा महाकाल का अभिषेक पूजन किया। मस्तक पर रजत चंद्र के साथ ॐ और त्रिपुंड अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया।

भस्म आरती के दौरान भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। मस्तक पर चंदन का तिलक और सिर पर शेषनाग का रजत मुकुट धारण कर रजत की मुंडमाला और रजत जड़ी रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला अर्पित की गई। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।