MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ की सक्रियता होने से अधिकतर जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश अन्य संभागों के जिलों में शुक्रवार से हल्की बारिश का दौर जारी है। जिससे की मौसम में पूरी तरह ठंडक घुली है। शनिवार को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, वहां मौसम विभाग ने अलर्ट किया है।

15 जुलाई से अच्छी बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश में 15 जुलाई से अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। अब तक प्रदेशभर के जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उत्तरी गुजरात में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन प्रणाली के चलते यहां के कुछ जिलों में बारिश हो रही है। बारिश के मौसम में प्रदेश के ग्वालियर,  टीकमगढ़, नरसिंहपुर, खजुराहो जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा।

गुना और नौगांव में करीब 1 इंच तक की बारिश
शुक्रवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, जबलपुर में 33.6 डिग्री, उज्जैन में पारा 32.8 डिग्री,  इंदौर में 30.7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस मानसून प्रदेश में अब तक 225.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसका औसत सामान्य बारिश की तुलना में 6 प्रतिशत तक कम है। शुक्रवार को सीधी जिले में 1.4 इंच तक बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही गुना और नौगांव में करीब 1 इंच तक की बारिश दर्ज की गई।

पूर्वी हिस्से में 14 प्रतिशत कम बारिश
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अब तक सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी प्रदेश में सामान्य से दो प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर कम होने के चलते हाल ही के पिछले 2 दिनों तक बरसात नहीं हुई। शुक्रवार से मानसून के सक्रिय होने से लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा। शनिवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी है।