रीवा। मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को रीवा में आयोजित जन आभार यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान जिले को 326 करोड़ की विकास कार्याें की सौगात दी। कहा, रीवा के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। भरोसा दिलाया कि अब तक जितना विकास हुआ है, उससे चार गुना हम अगले 5 वर्ष में करके देंगे। कांगेस नेताओं को इससे तकलीफ होती है। CM मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। कहा, उनके नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री हर वर्ग का कल्याण के लिए प्रयास कर रहे हैं।

जन आभार यात्रा के तहत मुख्यमंत्री यादव ने शहर की प्रमुख सड़कों पर रोड-शो किया। इस दौरान 23 जगह पंडाल लगाकर अलग अलग संगठनों व भाजपा पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, मुख्यमंत्री रीवा के दामाद हैं। CM बनने के बाद पहली बार रीवा आए हैं। इसलिए जोशीला स्वागत किया गया। इससे पहले सीएम ने NCC ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गिरीश गौतम सहित जिले के अन्य विधायक भी मौजूद रहे। 

32 दिन में सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया  
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार को सतना में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के पिता स्व सुखलाल कुशवाहा के स्मृति समारोह में शामिल हुए। इससे पहले जबलपुर में प्रेस कान्फ्रेंस कर सरकार पर सवाल उठाए। कहा प्रदेश सरकार जनवरी से मार्च तक 28500 करोड़ का कर्ज ले रही है। कहा सरकार बने 32 दिन हो गए, संकल्प पत्र में शामिल एक भी वादा पूरा नहीं किया। धान के दाम बढ़ाए और लाडली बहनों को मिलने वाली राशि। जनवरी के बाद कांग्रेस विपक्ष की जिम्मेदारी निभाएगी। पटवारी ने कहा कण- कण में राम हैं। राम मंदिर के लिए कोर्ट ने जो निर्देश दिया है, उसे कांग्रेस मानती है। मोदी की गारंटी पर पूछा 2 करोड़ लोगों को रोजगार हर साल मिला क्या। 15 लाख खाते में आए क्या?