Indore News : कर्नाटक के हुबली से दो साल पहले महाकालेश्वर दर्शन के लिए निकली 67 वर्षीय महिला उज्जैन में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। निधन के चार दिन तक शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने सामाजिक संस्था के सहयोग से अंतिम संस्कार करा दिया। दो साल बाद बेटे को पता चला तो मां की अंतिम निशानी लेने इंदौर पहुंचा। शुक्रवार को संस्था ने उसे अन्य लावारिश महिला की दो अस्थियां देकर कर्नाटक रवाना किया। 

संस्था ने अंतिम संस्कार के फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए तो महिला के बेटे को घटना की जानकारी लगी। मां के फोटो-वीडियो देखकर उसने इंदौर संपर्क किया, लेकिन पता चला, उनकी अस्थियां विसर्जित की जा चुकी हैं। श्राद्ध पक्ष में बेटा मां की अंतिम निशानी लेने इंदौर पहुंचा, लेकिन कुछ नहीं मिला। मां को मोक्ष मिले, इसलिए उसने अन्य लावारिस वृद्धा की अस्थियों का पूजन किया। फिर सांकेतिक तौर पर अस्थि कलश लेकर कर्नाटक रवाना हुआ। दो दिन बाद मां का श्राद्ध और तर्पण करेगा।