Gwalior News: ग्वालियर में पति ने दहेज के लिए पत्नी को खौफनाक सजा दी। सास और ससुर के साथ मिलकर पति ने पहले महिला को जमकर पीटा और फिर गर्म चिमटे से दागा। महिला चीखती-चिल्लाती रही लेकिन बेरहमों ने एक नहीं सुनी। घटना बहोड़ापुर थाना इलाके की है। 13 अगस्त को जनसुनवाई में महिला ने एसपी से गुहार लगाई। 14 अगस्त को पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

जानें पूरा मामला 
गुना गांव निवासी रेनू यादव (23) की 2019 में बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले अरविंद यादव से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर महिला को दहेज के लिए परेशान करते हैं। विरोध करने पर लात-घूसों से पीटते हैं। महिला यह सोचकर सहती रही कि समय के साथ रिश्ता सुधरेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मंगलवार को ससुराल वालों ने फिर महिला के साथ बर्बरता की। महिला ने जनसुनवाई में शिकायत की है। 

पुलिस ने दर्ज किया केस 
महिला ने जनसुनवाई में शिकायत कर बताया कि ससुराल वालों ने मकान बनाने के लिए 5 लाख रुपए कर्ज लिया था। इसी को चुकता करने के लिए पैसों का दबाव बना रहे थे। शादी के समय पिता ने 5 लाख रुपए नकदी, सोने की चेन, गहने, बाइक समेत गृहस्थी का सामान दिया था। पति शराब और जुआ में पैसे उड़ाता है। महिला की शिकायत पर अरविंद, प्रतापसिंह और कैलाशीबाई के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था। अब दहेज एक्ट की धारा बढ़ाई गई है।