प्रशांत शुक्ला, भोपाल। युवा कांग्रेस ने गुरूवार को इस साल में महिलाओं के लिए इंदिरा फैलोशिप की घोषणा की है। इस फैलोशिप के जरिए महिला नेतृत्व को तैयार किया जाएगा। पीसीसी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस के यूथ अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस कांफ्रेस के माध्यम से कहा कि इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक पहल है, जो पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की स्मृति में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

उन्होने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने शासन के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में, महिलाओं को प्रोत्साहित और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। कांग्रेस पार्टी ने ऐसी नीतियां और पहलें लागू की हैं, जिनसे राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होने कहा हमारे नेता राहुल गांधी महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के विचार में गहरी आस्था रखते हैं और उन्होंने महिलाओं से इस क्रांति, जिसे शक्ति अभियान कहा जाता है, में शामिल होने का आग्रह किया है।

साथ ही यह भी कहा कि इसे उन महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो अपने समुदायों में स्थायी प्रभाव छोड़ने की आकांक्षा रखती हैं। आगे जानकारी देते हुए गीता कड़वे ने बताया एक वर्ष की छोटी सी अवधि में, 300 से अधिक फेलो ने 28 राज्यों और 350 ब्लॉकों में 4300 शक्ति क्लब स्थापित किए हैं, जिनमें 31000 से अधिक सदस्य शामिल हैं, जो शक्ति अभियान की स्थापना और संचालन का प्रमुख केंद्र हैं। 

हमारा लक्ष्य है कि महिलाओं को संसाधनों, अवसरों और सत्ता संरचनाओं में 50% हिस्सेदारी मिले। इस प्रभावशाली पहल के माध्यम से हम राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की 'रुचि' को समान स्थान देने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि स्थानीय निकायों, विधानसभाओं और संसद में 'महिलाओं द्वारा महिलाओं का प्रतिनिधित्व' सुनिश्चित हो सके।