Ashok Chavan join BJP: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गए। चव्हाण ने एक दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। ऐसा बताया जा रहा है कि वह महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले से नाराज चल रहे थे। चव्हाण दोपहर करीब एक बजे बीजेपी के मुंबई दफ्तर पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। 

कांग्रेस ने बुलाई मीटिंग
अशोक चव्हाण के इस्तीफे से महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों की माने तो चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। इतना ही नहीं देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद दावा किया था कि कई और कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। इससे कांग्रेस नेतृत्व में घबराहट की स्थिति बन गई। जिसके कारण महाराष्ट्र में पार्टी नेतृत्व ने आज बैठक बुलायी है। 

अशोक चव्हाण भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे। राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 15 फरवरी तक ही है। इसलिए अशोक चौहान की आज भाजपा में एंट्री होने के बाद कल 14 फरवरी को वह अपना नॉमिनेशन भर सकते हैं।

कांग्रेस के इस्तीफे के बाद ठाकरे ने कहा
शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने अशोक चव्हाण के कांग्रेस से इस्तीफा पर प्रतिक्रिया दी। चव्हाण के बहाने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस खुद अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में उन्हें राज्यसभा भेजा गया तो यह सैनिकों का अपमान होगा। बता दें कि, अशोक चव्हाण भोकर सीट से विधायक रहे हैं। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रहे हैं।