उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को X (पहले ट्वीटर) पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक अजीत यादव को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेज दिया गया है। एसपी संकल्प शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यूपी के भदोही जिले का निवासी है। वह मुंबई में कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था। 

युवक का प्रेमचंद के परिवार से कोई कनेक्शन नहीं 
2 अक्टूबर 2023 में देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के लेड़हा टोला में जमीनी विवाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की हत्या हो गई थी। दूसरी तरफ सत्यप्रकाश दुबे समेत उसके परिवार के 5 सदस्यों की भी हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमचंद और उसके परिवार के लोगों ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर अवैध तरीके से आलीशान कोठी बना ली थी।

इस मामले में डीएम कोर्ट ने तहसील कोर्ट को सही मानते हुए प्रेमचंद के याचिका खारिज कर दी थी। इसी के बाद अजीत यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देते हुए X पर पोस्ट किया था कि प्रेम यादव हत्याकांड में उनका घर गिराने के लिए ब्राह्राण महासभा और मीडिया ने पूरा जोर लगा दिया। डीएम कोर्ट का फैसला सरकार का होता है। अगर घर गिरा तो योगी की हत्या निश्चित होगी, चाहे मेरा पूरा जीवन ही व्यर्थ हो जाए।  

वहीं, आरोपी की पोस्ट के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उसके खिलाफ IPC की धारा 505 (2), 506 और 67 IT एक्ट में केस दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल को उसकी लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।