Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली भी पूरी तरह से सज गई है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी दिल्ली में शोभायात्रा निकालेंगे। पार्टी आज सभी विधानसभा क्षेत्रों में भगवान राम-हनुमान से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम कर रही है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश में शोभा में शामिल होंगे और खुद लीड करेंगे।

दिलीप पांडे ने दी जानकारी

आप दिल्ली के उपाध्यक्ष दिलीप पांडे के अनुसार, आज पार्टी 70 में से 44 विधानसभा क्षेत्रों में भंडारे आयोजित करेगी, चार विधानसभा क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली जाएगी और तीन विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिलीप पांडे ने कहा कि भगवान राम मानवता के प्रतीक हैं। उन्हें पूरा देश अपना आदर्श मानता है। ऐसे रघुकुल में जन्मे श्रीराम के आगमन में पूरा देश राममय हो चुका है। भगवान राम का पूरा देश स्वागत कर रहा है। इसमें दिल्ली के लोग भी पीछे नहीं हैं।

ये भी पढ़ें: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा : अयोध्या के 37 प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार किया शहर की अंतरा ने, 2 साल में जर्जर मंदिरों का बदला स्वरूप

दिल्ली में रामलीला का मंचन

आप सरकार आईटीओ के पियरे लाल भवन में तीन दिवसीय रामलीला कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है जो शनिवार से शुरू हुआ। इसे देखने के लिए बीते दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे। इस दौरान सीएम ने कहा कि दिल्ली में राम राज्य की अवधारणा और दृष्टिकोण से प्रेरित होकर सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि श्री राम अयोध्या के शासक थे, उन्होंने जो शासन दिया वह धरती पर आदर्श शासन माना जाता है।

हम राम राज्य की कल्पना करके ही दिल्ली में सरकार चलाने की कोशिश कर रहे हैं। हमने तय किया है कि किसी को भी भूखे नहीं सोना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेघर लोगों के लिए रैन बसेरे बनाए जाएं और मुफ्त भोजन मिले, हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले, हर व्यक्ति को अच्छा इलाज मिले, चाहे वह गरीब हो या अमीर। राम का राज्य बहुत बड़ा है और हम उनके सामने बहुत छोटे हैं। लेकिन यह हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है।